मानकी के ग्रामीणों ने वनकर्मियों पर मारपीट का लगाया आरोप, बाघिन की मौत का मामला
विधायक और एसपी को सौंपा ज्ञापन, आठ ग्रामीणों को पकड़ने का दावा

पांच को छोड़ा, तीन को रिहा करने और वनकर्मियों पर एफआईआर की मांग
पन्ना। मनकी बीट में क्लच वायर के फंदे में फंसकर बाघिन की मौत के मामले ने अब नया विवाद खड़ा कर दिया है। बाघिन की मौत की जांच के दौरान ग्रामीणों को हिरासत में लेने के बाद अब मानकी गांव के लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर मारपीट एवं अमानवीय व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने शनिवार, 28 नवंबर को विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक पन्ना को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच, दोषी वनकर्मियों पर एफआईआर तथा हिरासत में रखे गए ग्रामीणों की सुरक्षा और रिहाई की मांग की है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बाघिन की मौत के बाद वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बिना ठोस साक्ष्य एवं वैधानिक प्रक्रिया के मानकी गांव के आठ लोगों को पकड़ लिया।
इनमें रम्मू आदिवासी, सोनू आदिवासी, रविन्द्र आदिवासी, लालजी, दिलदार आदिवासी, बलराम, बलधारी और गुलजारी के नाम शामिल हैं। ग्रामीणों का दावा है कि हिरासत में लिए गए लोगों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे कई लोगों को गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि मारपीट के बाद पांच लोगों को छोड़ दिया गया, जबकि रम्मू आदिवासी, दिलदार आदिवासी और गुलजारी को अब भी वन विभाग ने अपने कब्जे में रखा है। इस घटना से पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल होने की बात भी ज्ञापन में कही गई है। ग्रामीणों ने विधायक और एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित मारपीट में शामिल वन अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने तथा घायल ग्रामीणों का चिकित्सकीय परीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही हिरासत में रखे गए तीनों ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित कर वैधानिक प्रक्रिया के तहत रिहाई की मांग भी की गई है। उल्लेखनीय है कि मनकी बीट में करीब तीन वर्षीय बाघिन का शव गले में टूटा क्लच वायर फंसा मिलने के बाद वन विभाग ने शिकार की आशंका पर जांच शुरू की थी। डॉग स्क्वाड की मदद से सुराग जुटाए गए थे और संदिग्धों को हिरासत में लिया गया था। इसी कार्रवाई के विरोध में पहले भी ग्रामीणों ने वन अमले को घेरकर घंटों रोके रखा था। अब ग्रामीणों की ओर से विधायक और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपे जाने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। एक ओर बाघिन की मौत की जांच जारी है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्रवाई और कथित मारपीट पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जांच के नाम पर ग्रामीणों को प्रताड़ित किया जा रहा है।



