तकनीकीपन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

छात्रावास के खाने में कीड़े निकलने का आरोप

दर्जनों छात्रों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर किया प्रदर्शन

पन्ना। शहर में बड़ी देवी मंदिर के पास स्थित शासकीय पिछड़ा वर्ग बालक पोस्ट मैट्रिक छात्रावास की भोजन व्यवस्था और अन्य अव्यवस्थाओं से परेशान छात्रों का आक्रोश बुधवार, 14 अक्टूबर को फूट पड़ा। दर्जनों छात्रों ने कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर प्रदर्शन किया और अपर कलेक्टर मधुवंत राव धुर्वे को ज्ञापन सौंपकर छात्रावास प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। छात्रों ने आरोप लगाया कि छात्रावास में लगातार घटिया गुणवत्ता का भोजन और नाश्ता दिया जा रहा है। खाने में कीड़े निकलने की शिकायतें सामने आ रही हैं, जबकि निर्धारित मेन्यू के अनुसार हरी सब्जियां और अन्य खाद्य सामग्री भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। छात्र संत कुमार पटेल ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा 23 तारीख को छात्रावास की मेस का शुभारंभ किए जाने के बावजूद भोजन व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने दावा किया कि खराब भोजन के कारण अब तक करीब 30 से 40 छात्र बीमार पड़ चुके हैं। छात्रों का आरोप है कि भोजन की गुणवत्ता और अव्यवस्थाओं को लेकर शिकायत करने पर बजट उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर उन्हें टाल दिया जाता है। इतना ही नहीं, संबंधित अधिकारी और छात्रावास अधीक्षक कथित तौर पर छात्रों को हॉस्टल से निकालने तथा भोजन कम करने की धमकी भी देते हैं। नाराज छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि शाम तक जांच टीम छात्रावास नहीं पहुंची तो वे भोजन का बहिष्कार कर कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठ जाएंगे। छात्रों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अपर कलेक्टर मधुवंत राव धुर्वे ने जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी को छात्रावास पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन के अनुसार, जांच में भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई अथवा छात्रावास संचालन में लापरवाही की पुष्टि होने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल छात्रों के बीमार होने और धमकियां दिए जाने संबंधी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। जांच रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button