पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

न्यायोत्सव के तीसरे दिन जिला जेल, बाल गृह और शिशु गृह का निरीक्षण

बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी, बच्चों की सुविधाओं का लिया जायजा

पन्ना। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार आयोजित न्यायोत्सवदृविधिक सेवा सप्ताह 2026 के तृतीय दिवस 16 नवंबर को जिला जेल, बाल गृह एवं शिशु गृह में विधिक जागरूकता और निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष शरत चंद्र सक्सेना के मार्गदर्शन में संपन्न हुए। जिला जेल में आयोजित विधिक साक्षरता शिविर में जिला न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के सचिव अवधेश कुमार श्रीवास्तव ने बंदियों को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों, जमानत संबंधी प्रावधानों और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी। उन्होंने प्रत्येक बैरक में जाकर बंदियों से व्यक्तिगत चर्चा की और उनके लंबित प्रकरणों, न्यायालयीन कार्यवाही तथा अधिवक्ताओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। आर्थिक रूप से कमजोर एवं अधिवक्ता नियुक्त करने में असमर्थ बंदियों को निःशुल्क पैनल अधिवक्ता उपलब्ध कराने के लिए जेल प्रशासन को आवेदन प्राधिकरण भेजने के निर्देश दिए। शिविर में जेल अधीक्षक गणेश प्रसाद ने सहयोग किया। इसके बाद अवधेश कुमार श्रीवास्तव एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी अतुल सेन ने बाल गृह का निरीक्षण किया। यहां बच्चों के निवास, भोजन, स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान बाल गृह में कोई बालक निवासरत नहीं मिला। इस दौरान बाल संरक्षण अधिकारी इंद्रजीत अहिरवार सहित संस्था प्रमुख एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। शिशु गृह के निरीक्षण में लगभग तीन माह का एक शिशु निवासरत मिला, जिसकी सेहत अच्छी पाई गई। अधिकारियों ने शिशु के पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और देखरेख की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया, जो संतोषजनक मिलीं। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद बंदियों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने तथा बच्चों और शिशुओं के संरक्षण एवं कल्याण संबंधी व्यवस्थाओं की निगरानी करना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button