पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

पटाखा व्यवसायियों की थाना देवेंद्रनगर में बैठक आयोजित

नियमों का उल्लंघन करने पर होगी सख्त कार्रवाई

देवेंद्रनगर। दीपावली पर्व को देखते हुए पटाखा दुकानों की सुरक्षा एवं नियमों के पालन को लेकर आज पुलिस थाना देवेंद्रनगर में पटाखा व्यवसायियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसीलदार सुमित तिवारी, कमलेश पाठक, थाना प्रभारी अनिल सिंह राजपूत एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी के.के. तिवारी उपस्थित रहे।बैठक में अधिकारियों ने सभी पटाखा व्यवसायियों को शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। तहसीलदार सुमित तिवारी ने स्पष्ट कहा कि नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। पूर्व में हुई घटनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन इस बार विशेष सतर्कता बरत रहा है।उन्होंने निर्देश दिए कि आतिशबाजी का भंडारण सुरक्षित एवं अज्वलनशील सामग्री से बने शेड में किया जाए। अस्थायी पटाखा दुकानें एक-दूसरे से कम से कम 3 मीटर तथा संरक्षित स्थलों से 50 मीटर की दूरी पर स्थापित हों। दुकानें आमने-सामने न हों तथा सुरक्षा दूरी के भीतर किसी भी प्रकार के तेल, गैस लैम्प या खुली बिजली की बत्तियों का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा।इसके अलावा बिजली के तार सुरक्षित तरीके से लगाए जाएं, लटकते तार न हों तथा दुकानों की विद्युत व्यवस्था के लिए उचित स्विच एवं मास्टर स्विच की व्यवस्था अनिवार्य रहेगी। दुकानों के 50 मीटर के दायरे में आतिशबाजी जलाने पर प्रतिबंध रहेगा। एक क्लस्टर में 50 से अधिक अस्थायी दुकानें लगाने की अनुमति नहीं होगी।प्रशासन ने यह भी निर्देश दिए कि पटाखा दुकानों के समूह में प्राथमिक चिकित्सा सुविधा, एम्बुलेंस एवं कम से कम दो दमकल गाड़ियों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्थानीय भाषा में विस्फोटक एवं खतरनाक सामग्री से संबंधित चेतावनी बोर्ड प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएं।बैठक में सुरेन्द्र वर्मा सदर पटवारी, अरविंद सिंह परिहार भाजपा मंडल अध्यक्ष, ललित गुप्ता पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष, रमेश अग्रवाल, निखिल विश्वकर्मा सहित नगर के समस्त पटाखा व्यवसायी उपस्थित रहे।प्रशासन ने सभी व्यवसायियों से अपील की कि वे निर्धारित नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित तरीके से व्यवसाय करें, ताकि दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button