नवविवाहिता के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में तीन आरोपी गिरफ्तार
कल्दा बाजार से लापता हुई थी 20 वर्षीय महिला, 25 दिन बाद अंकलेश्वर में मिली; दो मोटरसाइकिलें भी जब्त

पन्ना/सलेहा। सलेहा थाना क्षेत्र के ग्राम सर्रा निवासी 20 वर्षीय नवविवाहिता के लापता होने के मामले में पुलिस ने महिला को गुजरात के भरूच जिले के अंकलेश्वर से दस्तयाब करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। महिला द्वारा दिए गए बयान में जबरन मोटरसाइकिल से ले जाने और गुजरात में उसके साथ दुष्कर्म किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने बयानों के आधार पर प्रकरण में गंभीर धाराएं बढ़ाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर को महिला अपनी मां के साथ कल्दा बाजार गई थी। दोपहर करीब तीन बजे वह कुछ खाने के लिए जाने की बात कहकर अलग हुई और वापस नहीं लौटी। परिजनों ने परिचितों, रिश्तेदारों एवं आसपास तलाश की, लेकिन पता नहीं चलने पर सलेहा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 278/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ परिजनों एवं संबंधित गवाहों के बयान दर्ज किए। तकनीकी एवं अन्य सूचनाओं के आधार पर तलाश के दौरान 16 अक्टूबर को पुलिस को महिला के गुजरात में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे मीनानगर, अंकलेश्वर जिला भरूच से दस्तयाब किया। महिला को पन्ना लाकर महिला थाने में महिला पुलिस अधिकारी द्वारा उसके बयान दर्ज किए गए। पुलिस के मुताबिक महिला ने आरोप लगाया कि उसे कल्दा बाजार से जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर सतना रेलवे स्टेशन ले जाया गया और वहां से ट्रेन के जरिए गुजरात पहुंचाया गया। उसने गुजरात में एक कमरे में रखकर जबरन दुष्कर्म किए जाने का भी आरोप लगाया है। महिला के कथनों के आधार पर पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 87, 64(2)(एम), 124(4) एवं 3(5) का इजाफा किया है। इसके बाद महिला की सहमति से जिला अस्पताल पन्ना में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। पुलिस ने विवेचना के दौरान 18 अक्टूबर को मामले से जुड़े तीन आरोपियों को दस्तयाब कर पूछताछ की। पर्याप्त आधार मिलने पर तीनों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिलों को भी अलग-अलग जब्त किया गया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को 19 अक्टूबर को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड की कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि महिला के कथनों, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच जारी है तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।




