पन्ना

पन्ना से चोरी हुई पिकअप छतरपुर में बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी की जब्त

फरार साथी की तलाश जारी

पन्ना। कोतवाली पुलिस ने पुरुषोत्तमपुर से चोरी हुई महिन्द्रा पिकअप वाहन के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छतरपुर जिले के भितरिया तिराहा के पास से चोरी गई पिकअप बरामद करने के साथ वारदात में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त की है। मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, रानीगंज मोहल्ला वार्ड क्रमांक 18 निवासी राजेन्द्र कुमार यादव पिता बल्देव प्रसाद यादव ने 25 अक्टूबर को कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24-25 अक्टूबर की दरमियानी रात पुरुषोत्तमपुर स्थित उनकी दुकान के बगल में खड़ी सफेद रंग की महिन्द्रा पिकअप क्रमांक एमपी 35 जीए 0719 अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गए। शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान के मार्गदर्शन में गठित टीम को मुखबिर से चोरी गई पिकअप चंदला-लवकुशनगर क्षेत्र में दिखाई देने की सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस ने 27 अक्टूबर को भितरिया तिराहा के पास पिकअप सहित एक संदिग्ध युवक को पकड़ा।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम घनश्याम सिंह बैस (21), पिता रणविजय सिंह बैस, निवासी जानकी मंदिर के पास, ग्राम धरमपुर, पोस्ट खेराकसार, थाना बारीगढ़, जिला छतरपुर बताया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने साथी सौरभ सेंगर पिता कालका सेंगर, निवासी ग्राम बरहा, जिला छतरपुर के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।

जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी चोरी की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से पन्ना पहुंचे थे। पुलिस ने मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। प्रेस विज्ञप्ति में बरामद पिकअप की अनुमानित कीमत ढाई लाख रुपये बताई गई है। फरार आरोपी सौरभ सेंगर की तलाश के साथ अन्य अपराधों में संभावित संलिप्तता की जांच की जा रही है।

कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक हेमन्त नायक, उप निरीक्षक शक्ति प्रकाश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक खेमचन्द्र, बृषकेतु रावत, जीतेन्द्र मिश्रा, सन्तलाल सिंह, पुष्पेन्द्र मोर्य, आरक्षक अभिषेक यादव, अमित द्विवेदी, रामगोपाल शुक्ला एवं साइबर सेल पन्ना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button