दो किलोमीटर लंबी बिजली लाइन की केबल चोरी, तीन आरोपी गिरफ्तार
ट्रैक्टर में लदी मिली 11 हजार वोल्ट की केबल, पुलिस ने वाहन जब्त कर आरोपियों को जेल भेजा

पन्ना। जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र में बिजली लाइन की केबल चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 11 हजार वोल्ट की बिजली केबल से लदा एक ट्रैक्टर भी जब्त किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, बृजपुर विद्युत उपकेंद्र के इटवां खास फीडर के अंतर्गत सिरस्वाहा से बांगलान के बीच करीब दो किलोमीटर लंबी 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन बिछाई गई थी। इस लाइन की पूरी केबल चोरी कर ली गई थी। घटना का पता चलने पर बिजली विभाग की ओर से बृजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत मिलने के बाद थाना प्रभारी सोनम शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की। इसी दौरान चोरी की केबल ले जा रहे ट्रैक्टर को रोककर तीन आरोपियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरू अहिरवार 25 वर्ष, निवासी बृजपुर, सूरज सिंह, निवासी बांगलान और प्रकाश अहिरवार (18), निवासी बृजपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने ट्रैक्टर सहित उस पर लदी केबल जब्त कर ली है। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। थाना प्रभारी सोनम शर्मा ने बताया कि चोरी की घटना में संगठित गिरोह की भूमिका होने की आशंका है। पुलिस चोरी गई शेष केबल बरामद करने और अन्य संदिग्धों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले की विवेचना जारी है।



