पन्ना में आवारा कुत्तों का आतंक, दो घंटे में एक दर्जन से अधिक लोग घायल
बुजुर्ग का अंगूठा काटकर अलग किया, बच्चों और परिवार के सदस्यों पर भी हमले

पन्ना। शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। सोमवार को जिला चिकित्सालय में महज दो घंटे के भीतर कुत्तों के हमलों में घायल एक दर्जन से अधिक लोग इलाज के लिए पहुंचे। अचानक बढ़ी मरीजों की संख्या से अस्पताल में भीड़ लग गई। हमलों की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बरेड़ा गांव निवासी 76 वर्षीय किसान ठाकुरदीन मिश्रा पर घर के बाहर धूप में बैठे समय कुत्ते ने हमला कर दिया और उनके दाहिने हाथ का अंगूठा काटकर अलग कर दिया। वहीं बृजपुर निवासी 11 वर्षीय रेशमा कोरी तथा कल्दा गांव की 11 वर्षीय रागनी वर्मा और उनकी बहन प्रियांशु वर्मा भी कुत्तों के हमले में घायल हो गईं। बड़गड़ी गांव में 14 वर्षीय आर्यन चैकीदार के साथ उनकी दादी सुचित्रा चैकीदार और दादा सुजीत चैकीदार पर भी कुत्ते ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसके अलावा अन्य घटनाओं में घायल लोग भी उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. राहुल यादव ने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान दो घंटे में 10 से 12 मरीज कुत्तों के काटने से घायल होकर पहुंचे। इनमें दो से तीन मरीजों की चोटें गंभीर थीं। सभी का प्राथमिक उपचार किया गया और गंभीर घायलों के छोटे ऑपरेशन भी किए गए। चिकित्सकों ने रेबीज के खतरे को देखते हुए घायलों के परिजनों को आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है। लगातार हो रहे हमलों से शहर और गांवों में भय का माहौल है। नागरिकों ने आवारा कुत्तों की समस्या पर प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।



