बाघ संरक्षण की मुहिम में ग्रामीणों की भागीदारी, अकोला बफर में हुआ वन दर्शन और संवाद

पन्ना। बाघ संरक्षण को जनभागीदारी से मजबूत बनाने के उद्देश्य से पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा शुक्रवार, 27 नवंबर को अकोला वन समिति के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों के लिए अकोला बफर क्षेत्र में विशेष वन दर्शन एवं जागरूकता भ्रमण आयोजित किया गया। ‘वन की बातदृबाघिन दीदी के साथ’ पहल के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। भ्रमण के दौरान ग्रामीणों को पन्ना टाइगर रिजर्व के वाहनों से जंगल की सैर कराई गई। प्रतिभागियों ने वन्यप्राणियों के प्राकृतिक रहवास और संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों को नजदीक से देखा और समझा। इसके बाद आयोजित संवाद कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों और मैदानी अमले ने बाघ मित्रों एवं बाघिन दीदियों से चर्चा की। संवाद के दौरान ग्रामीणों को वन एवं वन्यजीव संरक्षण में उनकी भूमिका, जंगल में संदिग्ध गतिविधियों और शिकार की सूचना तत्काल वन विभाग को देने, वन्यप्राणियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा पशुधन की सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई। आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए वनाग्नि की रोकथाम में ग्रामीणों के सहयोग पर भी जोर दिया गया। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे, जिन पर अधिकारियों ने चर्चा कर उचित समाधान का भरोसा दिया। कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी को विशेष महत्व दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि बाघिन दीदी के माध्यम से महिलाएं अपने परिवार और गांव में वन संरक्षण का संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन के अनुसार, बाघों की पुनर्स्थापना और संरक्षण की सफलता में स्थानीय समुदाय का सहयोग महत्वपूर्ण रहा है। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने वन एवं वन्यजीव संरक्षण में सहयोग देने का संकल्प लिया। प्रबंधन द्वारा आगे भी अन्य ग्रामों में ऐसे भ्रमण और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।



