क्लच वायर के फंदे में फंसी बाघिन की मौत, पांच संदिग्ध हिरासत में
ग्रामीणों ने वन अमले को घेरा, जमकर हुआ बवाल

पन्ना। उत्तर वनमंडल की पन्ना रेंज अंतर्गत मनकी बीट के जंगल में क्लच वायर के फंदे में फंसने से एक बाघिन की मौत के मामले में वन विभाग ने पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पूछताछ के लिए संदिग्धों को हिरासत में लिए जाने के बाद शुक्रवार को ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम का विरोध करते हुए उसे घेर लिया। ग्रामीणों ने वनकर्मियों को घंटों तक रोके रखा और सरकारी वाहनों के टायरों की हवा निकाल दी। विरोध के चलते वन विभाग की टीम काफी देर तक बाघिन का शव मौके से नहीं ले जा सकी। बाद में पुलिस और वन अधिकारियों की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हुई और शव को पोस्टमार्टम के लिए स्मृति वन ले जाया गया। वन विभाग को गुरुवार को मनकी बीट के जंगल में करीब तीन वर्षीय बाघिन का शव मिला था। उत्तर वनमंडल के डीएफओ धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बाघिन के गले पर लाल रंग के निशान पाए गए हैं। उसके गले में टूटा हुआ क्लच वायर भी फंसा मिला। इन परिस्थितियों को देखते हुए आशंका है कि बाघिन शिकार के लिए लगाए गए फंदे में फंस गई थी। उत्तर वनमंडल के एसडीओ कृष्णा मरावी के अनुसार, फंदा कई दिन पुराना होने की आशंका है। उनके मुताबिक, फंदे में फंसने के कारण बाघिन शिकार नहीं कर सकी और संभवतः भूख के चलते उसकी मौत हुई। वन विभाग ने मामले को शिकार की आशंका से जोड़कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर जांच के लिए सतना और पन्ना पुलिस की दो डॉग स्क्वाड टीमें पहुंचीं। डॉग स्क्वाड ने घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर स्थित राजस्व पट्टे की खेती वाली जमीन और एक झोपड़ी तक पहुंचकर सुराग जुटाए। इसके आधार पर वन विभाग ने रम्मू आदिवासी, दिलदार आदिवासी सहित तीन अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। संदिग्धों को हिरासत में लेने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने रास्ता रोक दिया। उन्होंने हिरासत में लिए गए लोगों को छोड़ने की मांग करते हुए वन विभाग की टीम को घेर लिया। ग्रामीणों ने वनकर्मियों को कई घंटों तक मौके पर रोके रखा और सरकारी वाहनों के टायरों की हवा निकाल दी। विरोध के चलते बाघिन के शव को भी तत्काल वहां से नहीं ले जाया जा सका।

पुलिस की समझाइश के बाद सामान्य हुए हालात
घटना की सूचना मिलने पर पन्ना कोतवाली थाना प्रभारी हेमंत नायक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और वन विभाग की टीम बाघिन के शव को स्मृति वन लेकर पहुंची, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई। फिलहाल पांचों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। वन विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि फंदा किसने और किस उद्देश्य से लगाया था तथा बाघिन की मौत के लिए कौन जिम्मेदार है। पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण तथा शिकार की घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



