खजुराहो में कांग्रेस का दो दिवसीय संगठन सृजन प्रशिक्षण कार्यक्रम आज से

पन्ना। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी पन्ना और जिला कांग्रेस कमेटी छतरपुर के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय संगठन सृजन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 28 एवं 29 नवंबर 2026 को खजुराहो स्थित हॉलीडे रिसॉर्ट, राजनगर रोड पर होगा। इसमें पन्ना और छतरपुर जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष एवं मंडलम पदाधिकारी शामिल होंगे। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता दीपक तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को मजबूत बनाने और पदाधिकारियों को संगठनात्मक कार्यों के प्रति प्रशिक्षित करना है। प्रशिक्षण के दौरान दोनों जिलों के कांग्रेस पदाधिकारियों को संगठन की मजबूती और पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 29 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चैधरी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी तथा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार विशेष रूप से शामिल होंगे। इनके साथ प्रदेश एवं जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी उपस्थित रहकर पदाधिकारियों को मार्गदर्शन देंगे। जिला कांग्रेस कमेटी पन्ना के अध्यक्ष अनीस खान और छतरपुर कांग्रेस अध्यक्ष गगन यादव ने दोनों जिलों के कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के स्वागत और आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग का आग्रह किया है।



