आबकारी की कार्रवाई शहर के बाहर, अवैध शराब का सवाल पन्ना शहर के भीतर!
क्या पन्ना शहर को शराब मुक्त बनाने में आबकारी विभाग की इच्छाशक्ति कमजोर पड़ रही है?

पन्ना। पन्ना शहर में अवैध शराब की कथित आवक और बिक्री को लेकर सवाल लगातार उठ रहे हैं। एक ओर आबकारी विभाग शहर के बाहर ढाबों, चेकिंग पॉइंट और ग्रामीण क्षेत्रों में कार्रवाई कर अपनी सक्रियता दिखा रहा है, वहीं दूसरी ओर शहर के भीतर कथित तौर पर शराब की बड़ी खेप पहुंचने और बिक्री होने की शिकायतें विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।हाल ही में आबकारी विभाग ने पन्ना बायपास पर कार्रवाई करते हुए यात्री बसों और स्कूल बसों तक की तलाशी ली। इस कार्रवाई में करीब 33 लीटर शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई गई। इसके बाद विभाग ने सहानगर क्षेत्र के कई गांवों में कार्रवाई करते हुए करीब 330 लीटर कच्ची शराब भी बरामद की।इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि आबकारी विभाग अवैध शराब के खिलाफ अभियान चला रहा है। लेकिन इन कार्रवाईयों के बीच सबसे बड़ा सवाल पन्ना शहर को लेकर है। आखिर शहर के बाहर चेकिंग और ग्रामीण क्षेत्रों में कार्रवाई तो दिखाई दे रही है, लेकिन शहर के भीतर कथित तौर पर पहुंच रही शराब की खेपों पर विभाग की निगरानी कितनी प्रभावी है?जब शहर के कई गली-मोहल्लों और क्षेत्रों में शराब की कथित बिक्री को लेकर चर्चाएं और शिकायतें सामने आ रही हैं, तो क्या जिम्मेदार विभाग को इसकी जानकारी नहीं है? या फिर जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है?स्थानीय स्तर पर बेनीसागर और बस स्टैंड जैसे क्षेत्रों में भी शराब की कथित बिक्री को लेकर आरोप लगाए जा रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि जिन स्थानों की जानकारी आम लोगों तक पहुंच रही है, वहां आबकारी विभाग की निगरानी और कार्रवाई कितनी प्रभावी है?शहर में शराब कहां से आ रही है? किस रास्ते से इसकी खेप पहुंचाई जा रही है? किन ठिकानों पर कथित तौर पर इसकी बिक्री हो रही है? क्या विभाग इन स्रोतों तक पहुंचकर पूरे नेटवर्क की जांच कर रहा है, या कार्रवाई केवल शहर के बाहर चेकिंग और ग्रामीण क्षेत्रों में बरामदगी तक ही सीमित रह जाएगी?कहीं आबकारी विभाग की कार्रवाई केवल बरामदगी के आंकड़ों तक तो सीमित नहीं रह गई है?यदि विभाग और प्रशासन वास्तव में पन्ना शहर को अवैध शराब से मुक्त बनाने के लिए गंभीर हैं, तो शहर के भीतर कथित बिक्री और आवक के स्रोतों पर प्रभावी कार्रवाई क्यों दिखाई नहीं दे रही? क्या विभाग उन स्थानों की जांच करेगा, जहां शराब बिकने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं?यह मामला केवल शराब की बरामदगी का नहीं, बल्कि आबकारी विभाग की जिम्मेदारी, निगरानी और कार्यप्रणाली का भी है। शहर के बाहर कार्रवाई कर अपनी सक्रियता दिखाना एक बात है, लेकिन शहर के भीतर कथित अवैध कारोबार पर अंकुश लगाना उससे कहीं बड़ी जिम्मेदारी है।फिलहाल आबकारी विभाग की कार्रवाई जारी है, लेकिन पन्ना शहर में शराब की कथित बड़ी खेपों की आवक और बिक्री को लेकर उठ रहे सवालों के जवाब मिलना बाकी है।अब सवाल सीधा है—क्या आबकारी विभाग पन्ना शहर को वास्तव में शराब मुक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाएगा, या शहर के भीतर अवैध शराब की कथित बिक्री पर सवाल इसी तरह उठते रहेंगे?




