अमानगंज में हर्षोल्लास से मनाई गई महर्षि वाल्मीकि जयंती
बड़ी माता मंदिर में जुटा समाज

अमानगंज। आदि कवि महर्षि वाल्मीकि की जयंती अमानगंज नगर में श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बड़ी माता मंदिर परिसर में वाल्मीकि समाज द्वारा जयंती समारोह आयोजित किया गया, जिसमें समाज के वरिष्ठजनों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन, उनके आदर्शों और उनके द्वारा रचित महाकाव्य रामायण के महत्व को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाएं समाज को सत्य, सदाचार, समानता और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। समारोह में राकेश वाल्मीकि, काशीराम वाल्मीकि, रामस्वरूप वाल्मीकि, सफाई यूनियन अध्यक्ष अरुण वाल्मीकि एवं पन्ना जिला कार्यवाहक अध्यक्ष अजय सिगोते सहित वाल्मीकि समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे। इस दौरान समाजजनों ने महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को जीवन में अपनाने और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। साथ ही सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को महर्षि वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता का वातावरण बना रहा।




