रमनपुरा में पुरानी रंजिश पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, 18 लोगों पर एफआईआर
फरसे, कुल्हाड़ी, लोहे के पाइप और डंडों से हमले के आरोप

अमानगंज। थाना अमानगंज क्षेत्र के ग्राम रमनपुरा में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। 27 नवंबर की रात करीब 11ः30 बजे शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर फरसा, कुल्हाड़ी, लोहे के पाइप, छड़ और लाठी-डंडों से हमला करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। घटना में कई लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर कुल 18 लोगों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में फरियादी छोटेलाल पटेल (50) निवासी रमनपुरा ने बताया कि 27 नवंबर की शाम करीब पांच बजे मदन पटेल सहित कुछ लोगों से उनका विवाद हुआ था। इसी रंजिश को लेकर रात करीब 11ः30 बजे मदन पटेल, गौतम पटेल और भुवन पटेल उनके घर के पास पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि गौतम के पास फरसा, भुवन के पास लोहे का पाइप और मदन के पास कुल्हाड़ी थी। विरोध करने पर तीनों ने मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर पत्नी नोनी बाई और भाई बलराम बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। शिकायत में धनीराम पटेल, रामकेश पटेल और थम्मन पटेल पर भी गाली-गलौज करने का आरोप लगाया गया है। फरियादी के पुत्र बृजकिशोर और रामकिशोर तथा परिवार की महिलाओं सिलोचना और सुमन पटेल के साथ मारपीट किए जाने की बात भी कही गई है। चचेरे भाई राजकिशोर के साथ मुन्ना पटेल, भूरा पटेल और अनीष पटेल द्वारा मारपीट का आरोप है। वहीं विनोद पटेल, कल्ली पटेल और प्रमोद पटेल पर मौके पर पहुंचकर विवाद बढ़ाने का आरोप लगाया गया है। रामकरण पटेल, भैया पटेल, गुड्डी बाई पटेल और रामकुमार द्वारा बीच-बचाव किए जाने का उल्लेख भी शिकायत में है।
दूसरे पक्ष ने सात लोगों पर लगाया हमले का आरोप
दूसरे पक्ष से फरियादी विनोद पटेल (40), पिता कल्ली पटेल ने शिकायत में बताया कि शाम को हुए विवाद की रंजिश को लेकर रात करीब 11रू30 बजे वह गौतम पटेल, रामभुवन पटेल और मदन पटेल के साथ छोटेलाल पटेल के घर के सामने आम रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान रामकरण पटेल, नरेन्द्र पटेल और रामकिशोर ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विनोद के आरोप के अनुसार, रामकरण ने फरसे से हमला किया, जिससे मदन पटेल के सिर में चोट आई। नरेन्द्र ने डंडे और रामकिशोर ने लोहे की छड़ से मारपीट की, जिससे गौतम पटेल के सिर में चोट आई। नरेन्द्र पर धनीराम पटेल के माथे पर डंडे से हमला करने का भी आरोप लगाया गया है। अमानगंज पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की शिकायत पर 28 नवंबर को अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं। छोटेलाल पटेल की शिकायत पर 11 लोगों तथा विनोद पटेल की शिकायत पर सात लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 351(3) एवं 3(5) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।



