
80 लीटर कच्ची महुआ शराब, 68 क्वार्टर देशी शराब और 17 बीयर जब्त, कुल कीमत 24 हजार रुपये से अधिक
पन्ना/अजयगढ़। अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अजयगढ़ पुलिस ने थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 15 आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 80 लीटर कच्ची महुआ शराब, 68 क्वार्टर देशी प्लेन शराब एवं 17 अंग्रेजी बीयर जब्त की हैं। जब्त शराब की कुल अनुमानित कीमत 24 हजार 110 रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान एवं एसडीओपी शिवचरण बोहित के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी में आरोपियों के नाम पुष्पेन्द्र यादव निवासी भानपुर, अमित रैकवार निवासी किशनपुर, बिहारी पटेल निवासी बीहर सरवरिया, शिब्बू यादव निवासी बिलाही, विमल पटेल निवासी बीहर सरवरिया, हरीराम अहिरवार निवासी सिंहपुर, राजकुमार केवट निवासी चांदीपाटी, महाप्रसाद अहिरवार निवासी सिंहपुर, इन्तयाज खान निवासी भापतपुर कुर्मियान तथा जगप्रसाद उर्फ जग्गू प्रजापति निवासी सिंहपुर बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, अवैध शराब के संग्रहण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है। इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




