पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

निर्माणाधीन मकान में 65 वर्षीय बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या, इलाके में सनसनी

पल्हरी-उजनेही मार्ग पर मिला शव, सिर-गर्दन और कलाई पर गंभीर घाव

एफएसएल और डॉग स्क्वायड ने मौके से जुटाए साक्ष्य

पन्ना। जिले के ग्राम पल्हरी में एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। यहां 65 वर्षीय सुरेंद्र सिंह की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। उनका शव पल्हरी-उजनेही मार्ग पर स्थित निर्माणाधीन मकान में मिला। सिर, गर्दन और कलाई पर गंभीर घाव पाए गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र सिंह पिता प्रतपाल सिंह का गांव की मुख्य बस्ती में भी घर है, लेकिन वे पल्हरी और उजनेही के बीच सड़क किनारे स्थित अपने निर्माणाधीन मकान में रात बिताते थे। यह मकान उनकी खेती की जमीन के पास दोनों गांवों से करीब 500 मीटर दूर है। मकान का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ था। वहां छत और दरवाजे भी नहीं लगे थे। सुरेंद्र सिंह मकान में बनी पक्की रैक के नीचे बैठकर आराम करते थे। घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर खेत में धान के बोरे रखे थे। उनके भाई दद्दू राजा भी पास में ही सोते थे। वारदात किस समय और किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। घटनास्थल पर करीब सात फीट ऊंची रैक तक खून के छींटे मिलने की जानकारी सामने आई है। मौके से खून से सनी एक शर्ट भी बरामद हुई है। आशंका जताई जा रही है कि हमलावर इसे छोड़कर भागे होंगे, हालांकि शर्ट किसकी है और घटना से उसका क्या संबंध है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। सूचना पर सलेहा थाना प्रभारी दीपक त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। गुनौर एसडीओपी और थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने हत्यारों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल हत्या के कारण और आरोपियों के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button