देवेंद्रनगर-सलेहा मार्ग बना हादसों का रास्ता
गड्ढों में तब्दील हुई सड़क, स्कूली वैन से लेकर बारातियों तक की जान जोखिम में

देवेंद्रनगर। देवेंद्रनगर-सलेहा मार्ग की बदहाल स्थिति अब राहगीरों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा सड़क की मरम्मत को लेकर अब तक कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है। इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। गड्ढों से बचने के प्रयास में दोपहिया वाहन चालक संतुलन खोकर गिर रहे हैं। वहीं स्कूली वैन में सफर करने वाले बच्चों की सुरक्षा भी खतरे में बनी हुई है।
वर्तमान में शादी-विवाह का सीजन होने के कारण बारातियों और अन्य वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका और भी बढ़ गई है। स्थानीय निवासी रविकरण पटेल ने बताया कि देवेंद्रनगर-सलेहा रोड पर बने गड्ढों के कारण कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि शादी-ब्याह का सीजन चल रहा है, ऐसे में इस मार्ग से बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन हो रहा है। पूरी सड़क खराब हो चुकी है, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए देवेंद्रनगर-सलेहा मार्ग की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके। अब सवाल यह उठता है कि क्या पीडब्ल्यूडी विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? जब इस मार्ग से जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार अधिकारी भी गुजरते हैं, तो उन्हें सड़क की बदहाली क्यों नजर नहीं आती? स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। अब देखना होगा कि विभाग जनता की इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है।



