अजयगढ़ में जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न
दो परीक्षा केंद्रों पर 837 परीक्षार्थी थे पंजीकृत, 769 ने दी परीक्षा

अजयगढ़। जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए आयोजित चयन परीक्षा अजयगढ़ के दो परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा सुबह 11ः30 बजे से दोपहर 1ः30 बजे तक आयोजित की गई। इसके लिए शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय अजयगढ़ और सीएम राइज विद्यालय अजयगढ़ को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। सीएम राइज विद्यालय में कुल 381 परीक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल होना था, जिनमें से 343 उपस्थित रहे, जबकि 38 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसी तरह शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में 456 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 426 ने परीक्षा दी और 30 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों केंद्रों पर कुल 837 परीक्षार्थियों में से 769 ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 68 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के सुचारू संचालन और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए अधिकारियों को पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। एसडीएम आलोक मार्को और तहसीलदार सुरेंद्र कुमार ने दोनों परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। तहसीलदार सुरेंद्र कुमार ने बताया कि एसडीएम के साथ दोनों केंद्रों का निरीक्षण किया गया। दोनों स्थानों पर जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति सामने नहीं आई।



