पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

बड़ी रूध में 50 साल से रह रहे परिवारों को मिलेगा आवासीय पट्टा, विधायक ने दिया भरोसा

जनचैपाल में ग्रामीणों ने उठाई मालिकाना हक की मांग

अजयगढ़। वर्षों से मकान बनाकर रहने के बावजूद आवासीय पट्टों से वंचित परिवारों को अब मालिकाना हक मिलने की उम्मीद जगी है। क्षेत्रीय विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने शनिवार को ग्राम पंचायत बहादुरगंज में सरपंच रवि रावत के निवास पर जनचैपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी रूध और उसरनपुरवा में करीब 50 वर्षों से निवास कर रहे परिवारों को आवासीय पट्टे देने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। विधायक ने मौके पर तहसीलदार सुरेंद्र कुमार को बुलाकर वस्तुस्थिति जानी और संबंधित प्रक्रिया शीघ्र आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने बताया कि बड़ी रूध में कई परिवार पीढ़ियों से निवास कर रहे हैं। उनके मकान भी बने हुए हैं, लेकिन अब तक उन्हें आवासीय पट्टे नहीं मिल सके हैं। इसी तरह बहादुरगंज पंचायत के अंतर्गत आने वाले उसरनपुरवा में भी लंबे समय से रह रहे परिवार मालिकाना हक के लिए परेशान हैं। ग्रामीणों ने इस संबंध में पहले सरपंच रवि रावत के नेतृत्व में तहसीलदार सुरेंद्र कुमार को ज्ञापन सौंपा था। शिकायत के बाद राजस्व अमले द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया तथा पटवारी प्रतिवेदन के साथ राजस्व निरीक्षक की रिपोर्ट भी तैयार की गई। इसके बावजूद आबादी घोषित करने की प्रक्रिया पूरी नहीं होने से पट्टे वितरण का मामला लंबित है। जनचैपाल में तहसीलदार सुरेंद्र कुमार ने विधायक को जानकारी दी कि बड़ी रूध के खसरा नंबर 9/1 और 10/7, दोनों का रकबा एक-एक हेक्टेयर है। इन भूमियों पर निवासरत परिवारों के संबंध में पटवारी प्रतिवेदन और राजस्व निरीक्षक की रिपोर्ट तैयार हो चुकी है। अब प्रस्ताव बनाकर जिला कलेक्टर कार्यालय भेजा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भूमि को आबादी घोषित करने का अधिकार जिला कार्यालय के पास है। इस पर विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि वे कलेक्टर से चर्चा कर बड़ी रूध को जल्द आबादी घोषित कराने का प्रयास करेंगे। इसके बाद पात्र परिवारों को आवासीय पट्टे वितरित किए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि पट्टे वितरण के समय वे स्वयं गांव पहुंचेंगे।
उसरनपुरवा की राजस्व सीमा की विसंगति भी होगी दूर
जनचैपाल में उसरनपुरवा के ग्रामीणों ने भी आवासीय पट्टों की मांग रखी। इस पर तहसीलदार ने बताया कि उसरनपुरवा की मतदाता सूची ग्राम पंचायत बहादुरगंज में जुड़ी हुई है, जबकि वहां की भूमि अजयगढ़ नगर परिषद के क्षेत्र में दर्ज है। इस प्रशासनिक विसंगति के कारण प्रक्रिया में कठिनाई आ रही है। विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि इस समस्या का भी समाधान कराया जाएगा। इसके लिए भूमि को बहादुरगंज ग्राम पंचायत को हस्तांतरित कराने अथवा मतदाताओं के नाम अजयगढ़ नगर परिषद की मतदाता सूची में जोड़ने जैसे विकल्पों पर संबंधित अधिकारियों से चर्चा की जाएगी। आवारा मवेशियों से फसलों को हो रहे नुकसान की समस्या भी विधायक के सामने रखी। इस पर विधायक ने सरपंच रवि रावत को गौशाला की आवश्यकता और उसके संचालन से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने इस समस्या के निराकरण का भी भरोसा दिया। जनचैपाल में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं सीधे विधायक के सामने रखीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button