महर्षि वाल्मीकि जयंती पर सजी काव्य गोष्ठी
कवियों ने रचनाओं से किया आदि कवि का स्मरण

अखिल भारतीय साहित्य परिषद की जिला इकाई ने साईं मंदिर सभागार में किया आयोजन, वरिष्ठ गीतकार गोविन्द यदुवंशी रहे मुख्य अतिथि
पन्ना। अखिल भारतीय साहित्य परिषद, जिला इकाई पन्ना (महाकौशल प्रांत) के तत्वावधान में महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में 26 अक्टूबर को साईं मंदिर सभागार में विशेष काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। दोपहर एक बजे प्रारंभ हुई गोष्ठी में नगर के वरिष्ठ साहित्यकारों एवं कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से आदि कवि महर्षि वाल्मीकि का स्मरण किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर के वयोवृद्ध माटी के गीतकार गोविन्द यदुवंशी रहे, जबकि अध्यक्षता वरिष्ठ कवि जगदीश कुशवाहा ‘प्रबोध’ ने की। मंच संचालन एस. कुमार चनपुरिया द्वारा किया गया। परिषद की जिला इकाई के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक तृषान्त कुमार जोशी ‘वारिद’ तथा सह संयोजक सीताराम कुशवाहा ‘अनुराग’ ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया।
कवियों ने अपनी रचनाओं से बांधा समां
काव्य गोष्ठी में डॉ. किरण राजेश सिंह, सुरेश श्रीवास्तव ‘सौरभ’, मुरलीधर सिंह राजपूत, संतोष मोर, विनोद अवस्थी, तृषान्त जोशी ‘वारिद’, सीताराम कुशवाहा ‘अनुराग’, दिबेश शुक्ला, रामरुद्र तिवारी, रूपराम कुशवाहा, वीरेंद्र कुमार जड़िया, गया प्रसाद नायक एवं विधानंद सिंह ने काव्य पाठ किया।
कवियों ने महर्षि वाल्मीकि को समर्पित रचनाओं के माध्यम से उनके साहित्यिक योगदान, आदर्शों और भारतीय संस्कृति में उनके महत्वपूर्ण स्थान को रेखांकित किया। विभिन्न काव्य प्रस्तुतियों से सभागार साहित्यिक वातावरण में सराबोर रहा।
कार्यक्रम के अंत में जिला इकाई के संरक्षक डॉ. सुरेश सौरभ ने मुख्य अतिथि, अध्यक्ष, उपस्थित साहित्यकारों एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही काव्य गोष्ठी का समापन हुआ।



