सांदीपनि विद्यालय में तीन दिवसीय नवरात्रि उत्सव की धूम
गरबा-डांडिया और महिषासुर वध की मनमोहक प्रस्तुति

अजयगढ़। सांदीपनि शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अजयगढ़ में 15 से 17 अक्टूबर तक तीन दिवसीय विशेष नवरात्रि उत्सव उत्साह और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और नैतिक मूल्यों से परिचित कराना रहा। उत्सव के प्रथम दिन भजन कार्यक्रम आयोजित हुआ। दूसरे दिन वरिष्ठ वर्ग के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक गरबा एवं डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया। तीसरे दिन प्राथमिक खंड के बच्चों ने महिषासुर वध, महाकाली नृत्य और नवदुर्गा के नौ स्वरूपों की आकर्षक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। कनिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों ने भी गरबा और डांडिया नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर परिषद अध्यक्ष सीता सरोज गुप्ता, विशिष्ट अतिथि विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष प्रभा मिश्रा तथा वीरेंद्र जैन उपस्थित रहे। सीता सरोज गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। वहीं प्रभा मिश्रा ने बच्चों को नवरात्रि के महत्व एवं विशेषताओं से अवगत कराया। विद्यालय के प्राचार्य वीरेंद्र कुमार मिश्रा, माध्यमिक खंड प्रभारी शिव नारायण सिंह एवं प्राथमिक खंड प्रभारी विष्णु प्रसाद लखेर के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नारी शक्ति, सदाचार, एकता, सहयोग और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया। समापन अवसर पर मां दुर्गा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए सभी के सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की गई। अंत में विद्यालय प्राचार्य वीरेंद्र कुमार मिश्रा ने कार्यक्रम के समापन की घोषणा करते हुए मुख्य अतिथि सीता सरोज गुप्ता, प्रभा मिश्रा, वीरेंद्र जैन, अभिभावकों, छात्र-छात्राओं और समस्त विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया।




