पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्कराजनीतीराज्य

जिला जेल पहुंचे जीतू पटवारी, दिव्या अहिरवार से मुलाकात कर विस्थापितों के मुद्दे पर सरकार को घेरा

केन-बेतवा, रूंझ और मझगाय परियोजनाओं के प्रभावितों को उचित मुआवजा देने की उठाई मांग

पन्ना। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी सोमवार को पन्ना जिला जेल पहुंचे, जहां उन्होंने केन-बेतवा, रूंझ और मझगाय सहित विभिन्न परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों के अधिकारों के लिए आंदोलन कर रहीं दिव्या अहिरवार से मुलाकात की। जेल से बाहर आने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए पटवारी ने प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विस्थापितों की समस्याएं उठाने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। पटवारी ने कहा कि पन्ना और छतरपुर जिलों में आदिवासियों की जमीन, विस्थापन और मुआवजे से जुड़ी समस्याएं वर्ष 2015-16 से सामने आ रही हैं। उनका आरोप है कि बांध परियोजनाओं के कारण अनेक परिवारों के मकान और संपत्तियां प्रभावित हुई हैं, लेकिन उन्हें अब तक उचित मुआवजा और पुनर्वास का लाभ नहीं मिल सका है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दिव्या अहिरवार की गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने विस्थापितों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई तो उनके विरुद्ध मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया। पटवारी ने इसे दमनकारी कार्रवाई बताते हुए पन्ना पुलिस अधीक्षक पर दिव्या के साथ दुर्व्यवहार करने और अहंकारपूर्ण रवैया अपनाने के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आदिवासियों और विस्थापित परिवारों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी तथा प्रभावितों को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएगी। पत्रकारों से चर्चा के दौरान जीतू पटवारी ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मुद्दे भी उठाए। उन्होंने सागर, देवास और मुरैना में कथित जहरीली शराब से मौतों, छिंदवाड़ा और बालाघाट में बच्चों की मौतों तथा इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों का उल्लेख करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। इसके अलावा आबकारी मंत्री के निजी सहायक से जुड़े एक करोड़ रुपये के मामले में निलंबन का जिक्र करते हुए उन्होंने विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में कथित भ्रष्टाचार, अन्याय और विस्थापित परिवारों की समस्याओं को लेकर जनता के बीच जाएगी और अपना संघर्ष जारी रखेगी। उल्लेखनीय है कि पटवारी द्वारा पुलिस, प्रशासन और सरकार पर लगाए गए आरोप उनके बयान पर आधारित हैं। इन आरोपों पर संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इस दौरान मुख्य रूप से राष्ट्रीय सचिव रणविजय सिंह लोचाव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनीश खान, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिव्या रानी, पूर्व विधायक श्रीकांत दुबे, केशव प्रताप सिंह, पूर्व प्रत्याशी भरत मिलन पांडे, जीवन लाल सिद्धार्थ, ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती रमा बुंदेला, दीपचंद अग्रवाल, स्वतंत्र प्रभाकर अवस्थी, पुरुषोत्तम जड़िया, रेहान मोहम्मद, अक्षय तिवारी, वैभव थापक सहित सैकड़ो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button