त्योहारों से पहले अजयगढ़ में अतिक्रमण पर पुलिस की कार्रवाई
मुख्य बाजार में दुकानदारों द्वारा सड़क तक फैलाया गया सामान हटवाया

अजयगढ़। धनतेरस और दीपावली के त्योहार को देखते हुए बाजार में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अजयगढ़ पुलिस ने मुख्य मार्ग पर कार्रवाई की। थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव ने पुलिस बल और नगर परिषद के कर्मचारियों के साथ संयुक्त अभियान चलाकर सड़क तक फैली दुकानों को हटवाया और दुकानदारों को अपनी निर्धारित सीमा में रहकर व्यवसाय करने की हिदायत दी। अजयगढ़ का जय स्तंभ चैक से थाना क्षेत्र तक बरियारपुर रोड मुख्य बाजार है। त्योहारों के दौरान यहां बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। कई दुकानदारों द्वारा दुकानों के सामने फुटपाथ और सड़क तक सामान फैलाकर रखा जा रहा था, जिससे राहगीरों को निकलने में परेशानी होती थी और जाम की स्थिति बनती थी।
इससे आम नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। इसी समस्या को देखते हुए थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव ने मंगलवार शाम पुलिसकर्मियों के साथ दुकानदारों को समझाइश दी थी। उन्हें अपनी दुकानों का सामान सड़क और फुटपाथ तक नहीं फैलाने तथा निर्धारित सीमा में ही दुकान लगाने की हिदायत दी गई थी। इसके बाद बुधवार को पुलिस और नगर परिषद की संयुक्त टीम ने थाना के सामने से जय स्तंभ चैक तक अभियान चलाकर सड़क की ओर फैली दुकानों और सामान को हटवाया। जय स्तंभ चैक पर भी आवागमन में बाधा बन रही दुकानों को व्यवस्थित कराया गया। थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि भविष्य में सड़क की ओर दुकान फैलाकर यातायात बाधित किया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि बरियारपुर रोड नगर का सबसे व्यस्त मार्ग है। यहां नियमित रूप से निगरानी रखी जाएगी, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो और त्योहारों के दौरान जाम की स्थिति से बचा जा सके।




