पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

खेत में करंट का जाल बिछाकर वन्यप्राणी का शिकार, आरोपी गिरफ्तार

11 हजार केवी विद्युत लाइन से जोड़ा था जीआई तार

अजयगढ़। धरमपुर वन परिक्षेत्र में वन्यजीवों के अवैध शिकार की कोशिश का गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक खेत में जंगली जानवरों को फंसाने के लिए जीआई तार का जाल बिछाकर उसे 11 हजार केवी की विद्युत लाइन से जोड़ दिया गया था। इसी जाल की चपेट में आने से एक जंगली सूअर की मौत हो गई। मामले में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को धरमपुर वन परिक्षेत्र की कुड़रा बीट के कक्ष क्रमांक पी-55 में वन परिक्षेत्र अधिकारी मनोज सिंह बघेल के निर्देशन में वन अमला गश्त कर रहा था। इसी दौरान वन्यजीवों के अवैध शिकार की रोकथाम के लिए निरीक्षण करते समय एक खेत में बिजली के तारों का जाल बिछा हुआ मिला। मौके पर एक जंगली सूअर मृत अवस्था में पड़ा था। उसके शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए वन अमले ने तत्काल जांच शुरू की। संदेह के आधार पर धरमपुर निवासी नत्थू कुशवाहा पिता स्वामीदीन कुशवाहा से पूछताछ की गई। वन विभाग के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने खेत में जीआई तार बिछाकर उसे विद्युत लाइन से जोड़ने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसके विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घटना की सूचना उत्तर पन्ना वनमंडलाधिकारी को दी गई। उनके मार्गदर्शन में वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृत जंगली सूअर का पशु चिकित्सक से पोस्टमार्टम कराया गया और नियमानुसार अंतिम संस्कार किया गया। गिरफ्तार आरोपी नत्थू कुशवाहा को माननीय न्यायालय अजयगढ़ में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। कार्रवाई के दौरान उपवनमंडलाधिकारी पन्ना, वन परिक्षेत्र अधिकारी धरमपुर मनोज सिंह बघेल, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम पंचायत धरमपुर के सरपंच प्रबल प्रताप सिंह, ग्राम वन समिति कुड़रा के अध्यक्ष सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। खेतों में बिजली का करंट फैलाकर वन्यजीवों का शिकार करने की ऐसी कोशिशें न केवल वन्यजीवों के लिए जानलेवा हैं, बल्कि इंसानों और पालतू पशुओं के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं। इस घटना में एक जंगली सूअर की जान चली गई। सवाल यह भी है कि यदि वन क्षेत्र और आसपास के खेतों में समय रहते निगरानी एवं गश्त प्रभावी होती, तो शायद इस वन्यजीव की जान बचाई जा सकती थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button