करियरदेशपन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्कराज्य

प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारण और समय प्रबंधन जरूरी

छत्रसाल महाविद्यालय में विशेष कार्यशाला आयोजित, विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बताए तैयारी के गुर

पन्ना। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, छत्रसाल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पन्ना में विद्यार्थियों के करियर मार्गदर्शन के उद्देश्य से ‘प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी एवं रणनीति’ विषय पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन और नियमित अध्ययन के माध्यम से सफलता प्राप्त करने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कार्यशाला का आयोजन प्राचार्य डॉ. जे.के. वर्मा एवं प्रशासनिक अधिकारी डॉ. पी.पी. मिश्रा के संरक्षण तथा स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना के संयोजक डॉ. बी.एन. जायसवाल के निर्देशन में किया गया। मुख्य वक्ता आभाष तिवारी एवं डॉ. अनुराधा चैरसिया ने विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग, संघ लोक सेवा आयोग, बैंकिंग, कर्मचारी चयन आयोग, खेल एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की पात्रता, पाठ्यक्रम, परीक्षा पद्धति और तैयारी की रणनीतियों की जानकारी दी। आभाष तिवारी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य, नियमित अध्ययन, निरंतर अभ्यास, तनाव प्रबंधन और विषयों की बुनियादी समझ आवश्यक है। वहीं डॉ. अनुराधा चैरसिया ने अध्ययन सामग्री के प्रभावी उपयोग, समय प्रबंधन और परीक्षा की आवश्यकताओं के अनुरूप स्मार्ट स्टडी अपनाने पर जोर दिया। कार्यशाला के प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने तैयारी से जुड़ी जिज्ञासाएं विशेषज्ञों के सामने रखीं। वक्ताओं ने उनकी शंकाओं का समाधान करते हुए आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button