डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर महिला से 54,500 रुपये की ठगी
पन्ना पुलिस ने आरोपी को कानपुर से किया गिरफ्तार

पन्ना। खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर एक महिला को डिजिटल अरेस्ट और पति के खिलाफ कार्रवाई का डर दिखाकर 54,500 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में पन्ना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी गई पूरी रकम बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, टिकुरिया बस्ती पन्ना निवासी शिवानी अहिरवार ने 31 अक्टूबर 2025 को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादिया ने बताया कि 8 अक्टूबर 2025 को उनके मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को क्राइम ब्रांच भोपाल का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके पति अशोक कुमार जाटव आपत्तिजनक वेबसाइट देखते हैं और इस संबंध में अलग-अलग थानों में एफआईआर दर्ज हो रही हैं। कार्रवाई से बचाने के नाम पर आरोपी ने एक लाख रुपये मांगे और रकम नहीं देने पर कानूनी कार्रवाई की धमकी दी। आरोपी की बातों से भयभीत होकर महिला ने फोन-पे के माध्यम से दो बार में 36,500 रुपये भेज दिए। इसके बाद व्हाट्सएप पर भेजे गए क्यूआर कोड के जरिए 18 हजार रुपये और ट्रांसफर कर दिए। इस तरह कुल 54,500 रुपये की ठगी हुई। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 914/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चैहान के मार्गदर्शन और कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक हेमंत नायक के नेतृत्व में टीम गठित की गई। साइबर सेल की तकनीकी सहायता से बैंक खातों और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने कानपुर जिले के चैबेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत त्रिलोकपुर निवासी अभिषेक कठेरिया (18), पिता ज्ञान प्रकाश को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने वारदात स्वीकार की और उसके कब्जे से ठगी की पूरी राशि 54,500 रुपये बरामद की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी हेमंत नायक, प्रधान आरक्षक खेमचन्द्र राय, जीतेन्द्र मिश्रा, आरक्षक संदीप तिवारी और साइबर सेल टीम का सराहनीय योगदान रहा।




