चिता आंदोलन कर रहे प्रभावितों के बीच पहुंचे नवागत कलेक्टर हर्ष सिंह
जब सर्वे और मुआवजा वितरण अधूरा था, तो कैसे तोड़े गए घर

कलेक्टर ने गांव-गांव सर्वे और गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई का दिया आश्वासन
पन्ना। मझगवां एवं रुंझ परियोजना प्रभावितों का चिता आंदोलन गुरुवार को बारिश के बीच 48वें दिन भी जारी रहा। इसी दौरान नवागत कलेक्टर हर्ष सिंह प्रशासनिक अमले के साथ शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बनहरी कला पहुंचे और प्रभावित ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। जय किसान संगठन के नेता एवं आंदोलन के नेतृत्वकर्ता अमित भटनागर ने कलेक्टर के सामने मुआवजा वितरण, पुनर्वास और प्रभावित परिवारों के मकान तोड़े जाने की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए। कलेक्टर हर्ष सिंह ने ग्रामीणों की समस्याओं को समझते हुए अगले दिन से प्रत्येक प्रभावित गांव में सर्वे शुरू कराने और लंबित प्रकरणों के निराकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने आश्वस्त किया कि पूरे मामले के दस्तावेजों की समीक्षा की जाएगी और जहां किसी स्तर पर गलती सामने आएगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। चर्चा के दौरान अमित भटनागर ने कहा कि मार्च में कलेक्ट्रेट घेराव के समय प्रत्येक प्रभावित परिवार की समस्या का विस्तृत सर्वे कराने पर सहमति बनी थी।
इसके बाद जय किसान संगठन ने महज चार दिनों में प्रभावितों के दस्तावेज और व्यक्तिगत समस्याओं का विवरण एकत्र कर प्रशासन को सौंप दिया था। भटनागर ने सवाल उठाया कि जब पहले से सर्वे और दस्तावेज उपलब्ध हैं, तो अब तक संबंधित परिवारों को उनकी पात्रता अथवा अपात्रता का स्पष्ट जवाब क्यों नहीं दिया गया? उन्होंने कहा कि बार-बार नए सर्वे कराने के बजाय पूर्व में सौंपे गए दस्तावेजों की समीक्षा कर लंबित मामलों पर निर्णय लिया जाना चाहिए। अमित भटनागर ने भूमि अर्जन, पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम, 2013 की धारा 38 का उल्लेख करते हुए मुआवजे एवं पुनर्वास संबंधी वैधानिक प्रावधानों के पालन का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कई प्रभावित परिवारों को पूरा मुआवजा मिलने से पहले ही उनके मकान तोड़ दिए गए अथवा मकान डूब में आ गए। करीब छह महीने पहले शुरू हुई मकान तोड़ने की कार्रवाई को लेकर उन्होंने पूछा कि आखिर यह सब किन अधिकारियों की निगरानी में हुआ और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की स्थिति का सत्यापन क्यों नहीं किया गया? भटनागर ने मांग की कि प्रत्येक प्रभावित परिवार को दिए गए मुआवजे, पुनर्वास की स्थिति और मकान तोड़ने की कार्रवाई की जांच कराई जाए। यदि जांच में नियमों का उल्लंघन या अधिकारियों की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
दिव्या अहिरवार सहित आंदोलनकारियों पर दर्ज मामलों की जांच की मांग
चर्चा के दौरान जय किसान संगठन ने दिव्या अहिरवार सहित अन्य आंदोलनकारियों पर दर्ज प्रकरणों का मुद्दा भी उठाया। संगठन का आरोप है कि आंदोलन को दबाने के उद्देश्य से आंदोलनकारियों के खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए गए हैं। अमित भटनागर ने इन प्रकरणों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग दोहराई। वहीं कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के तबादलों के बाद प्रभावित ग्रामीणों ने नए अधिकारियों से लंबित समस्याओं के समाधान की उम्मीद जताई है। जय किसान संगठन ने स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक आश्वासन के आधार पर चिता आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। संगठन की मांग है कि प्रभावितों को उचित मुआवजा, पुनर्वास और लंबित प्रकरणों में न्याय दिलाने के लिए ठोस कार्रवाई शुरू हो। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी, अजयगढ़ एसडीएम आलोक मार्को, तहसीलदार सुरेंद्र अहिरवार, जनपद सीईओ सतीश नागवंशी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।



