पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

पृथ्वी परिक्रमा आयोजन की तैयारियों का एसडीओपी ने लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था पर की चर्चा

पन्ना। श्री 5 पद्मावतीपुरी धाम पन्ना में आगामी 24 नवंबर को आयोजित होने वाली भव्य पृथ्वी परिक्रमा को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को पन्ना एसडीओपी आनंद तिवारी ने श्री 108 श्री प्राणनाथ जी मंदिर पहुंचकर कार्यक्रम के संबंध में जानकारी ली व निरीक्षण किया और आयोजन की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों से विस्तृत चर्चा की। इस दौरान एसडीओपी श्री तिवारी ने महामति श्री प्राणनाथ जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने मंदिर ट्रस्ट बोर्ड के उपाध्यक्ष दया कृष्ण दुबे (डी.के. दुबे) एवं प्रबंधक आशीष कुमार शर्मा से सौजन्य भेंट की। चर्चा के दौरान पृथ्वी परिक्रमा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, आयोजन की व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा इंतजामों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। मंदिर ट्रस्ट के अधिकृत गाइड विजय शर्मा ने एसडीओपी को प्रणामी धर्म, श्री 5 पद्मावतीपुरी धाम के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व, मंदिर की विशेषताओं तथा पृथ्वी परिक्रमा की प्राचीन परंपरा के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही आयोजन की तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं से भी अवगत कराया। उल्लेखनीय है कि श्री 5 पद्मावतीपुरी धाम में प्रतिवर्ष कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर परंपरागत रूप से भव्य पृथ्वी परिक्रमा आयोजित की जाती है। इसमें देश-विदेश से हजारों की संख्या में सुंदरसाथ श्रद्धालु पन्ना पहुंचकर श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ परिक्रमा में शामिल होते हैं। इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं प्रबंधक ने एसडीओपी श्री तिवारी का रुमाल एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया तथा उन्हें धाम का प्रसाद भेंट किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button