पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

वन सुरक्षा पखवाड़े में वन विभाग की कार्रवाई, दो स्थानों से हटाया अतिक्रमण

मोहंद्रा की सिहारन बीट में दो लोगों का कब्जा हटाया

पन्ना। मध्यप्रदेश वन विभाग द्वारा 12 से 24 नवंबर तक चलाए जा रहे वन सुरक्षा पखवाड़े के तहत दक्षिण पन्ना वनमंडल में वनभूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वन विभाग की टीम ने मोहंद्रा और शाहनगर वन परिक्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक स्थान से अतिक्रमण हटाया, जबकि दूसरे स्थान पर कब्जे के प्रयास को विफल कर दिया। मोहंद्रा वन परिक्षेत्र की सिहारन बीट में गश्त के दौरान हल्लन आदिवासी एवं इमरत आदिवासी द्वारा वनभूमि पर अतिक्रमण किया जाना पाया गया। पूछताछ में संबंधित भूमि के संबंध में कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने पर वन अमले ने मौके पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान बिलपुरा परिक्षेत्र सहायक एवं उपवनक्षेत्रपाल देवी सिंह यादव, वनपाल हरिशंकर तथा वन सुरक्षा समिति के सुरक्षा श्रमिक शामिल रहे। इसी तरह शाहनगर वन परिक्षेत्र की कुनिया बीट में वन अमले ने सतर्कता दिखाते हुए वनभूमि पर अतिक्रमण के प्रयास को रोक दिया। इस कार्रवाई में कुनिया बीट गार्ड रजनीश दुबे, लमतरा बीट गार्ड अक्षत त्यागी तथा सुरक्षा श्रमिक प्रहलाद सिंह एवं हनुमत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वन सुरक्षा पखवाड़े के दौरान दक्षिण पन्ना वनमंडल में नियमित और रात्रिकालीन गश्त के साथ अतिक्रमण, अवैध कटाई तथा वन्यजीव शिकार पर निगरानी रखी जा रही है। विभाग द्वारा पहले अतिक्रमण से मुक्त कराई गई वनभूमि पर दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए भी सतत निगरानी की जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button