एसआईआर को लेकर कांग्रेस ने किया कलेक्ट्रेट का घेराव
सीईसी ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में लिए गए निर्णयों की स्वतंत्र जांच की मांग

पन्ना। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को पन्ना में कलेक्ट्रेट का घेराव कर प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी पन्ना के अध्यक्ष अनीश खान के नेतृत्व में जिलेभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता छत्रसाल पार्क में एकत्रित हुए। प्रदर्शन के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की गई और मतदाता सूची से जुड़े निर्णयों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच की मांग उठाई गई। मध्यप्रदेश में कांग्रेस द्वारा ैप्त् और मुख्य निर्वाचन आयुक्त को लेकर जिला स्तर पर प्रदर्शन का कार्यक्रम चलाया गया है। छत्रसाल पार्क से कांग्रेस कार्यकर्ता रैली के रूप में अंबेडकर चैक पहुंचे। यहां नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष स्वतंत्र प्रभाकर अवस्थी के नेतृत्व में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर नारेबाजी की गई। इसके बाद रैली बलदेव चैक और बड़ा बाजार होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा और मुख्य गेट पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अंदर जाने से रोक दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से कहा गया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा निष्पक्षता सुनिश्चित की जानी चाहिए। कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में लिए गए प्रमुख निर्णयों एवं निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की व्यापक और स्वतंत्र समीक्षा की मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट गेट पर ज्ञापन लेने पहुंचे अधिकारियों के समक्ष मझगाय डैम से जुड़े मुद्दे भी उठाए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मझगाय डैम क्षेत्र में प्रशासन एवं पुलिस द्वारा आदिवासी ग्रामीणों के साथ बर्बरता की गई। कांग्रेस ने इसकी जांच कराने तथा डैम से प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों को उचित मुआवजा और व्यवस्थापन उपलब्ध कराने की मांग रखी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि इन मांगों पर प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद ही ज्ञापन सौंपा जाएगा। प्रशासन द्वारा जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कांग्रेस ने मांग की कि ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में लिए गए प्रमुख निर्णयों एवं निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की व्यापक एवं स्वतंत्र समीक्षा कराई जाए। मतदाता सूचियों में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन की प्रक्रिया की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए। पात्र मतदाताओं के नाम छूटने अथवा अपात्र व्यक्तियों के नाम शामिल होने संबंधी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक सुधार किए जाएं। निर्वाचन प्रक्रिया एवं मतदाता सूची से संबंधित रिकॉर्ड एवं आंकड़ों में पारदर्शिता तथा सार्वजनिक जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। समीक्षा या जांच में किसी प्रकार की अनियमितता अथवा प्रक्रिया संबंधी कमी सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा कि उसका उद्देश्य लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के विश्वास को मजबूत करना तथा प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पार्टी ने राष्ट्रपति से संबंधित संवैधानिक एवं सक्षम संस्थाओं के माध्यम से मामले की निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं व्यापक समीक्षा कराने का अनुरोध किया। प्रदर्शन एवं ज्ञापन के दौरान पूर्व विधायक श्रीकांत दुबे, महेंद्र बागरी, पूर्व प्रत्याशी जीवनलाल सिद्धार्थ, मार्तंड देव बुंदेला, ब्लॉक अध्यक्ष जगदीश यादव, राम बहोरी लोधी, रमा बुंदेला, मिलन कुशवाहा, सौरभ दुबे, अरुण बबलू गौतम, मुकेश चैरसिया, सुरेंद्र नामदेव, प्रेम कुमार परस्ते, छबिलाल चैधरी, नगर अध्यक्ष स्वतंत्र प्रभाकर अवस्थी, प्रबल नारायण चतुर्वेदी, वसीम खान, शशांक लटोरिया, आनंद शुक्ला, भभूत सिंह, कमल सिंह राजपूत, राम भगत सोनी, हक्कुन दहायत, अरविंद सिंह, चैन सिंह राठौर, भगवान दास साहू, अंकित शर्मा, आस्था तिवारी, जीराबाई पटेल, प्रीति बागरी, विमल सिंगरौली, रहीमा खातून, देवकी प्रजापति, रामकरण पांडे, केसरी अहिरवार, जितेंद्र जाटव, सौरभ पटेरिया, हसीब खान, कदीर खान, सुरेंद्र सिंह आदिवासी, आकाश जाटव, जय कुमार कुशवाहा, राम बहादुर द्विवेदी सहित जिलेभर से आए कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



