डिफॉल्टर समितियों से नहीं होगी धान खरीदी, गड़बड़ी मिली तो सीधे एफआईआर
अब केसीसी के अलावा पर्सनल, वाहन और मकान निर्माण के लिए भी मिलेगा ऋण

पन्ना। धान खरीदी में अनियमितताओं और समितियों की जवाबदेही को लेकर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक पन्ना ने सख्त रुख अपनाया है। अब डिफॉल्टर समितियों को धान खरीदी की जिम्मेदारी नहीं सौंपी जाएगी। खरीदी प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित समिति और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक मोहन व्यास ने स्पष्ट किया कि खरीदी व्यवस्था में लापरवाही और अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 से धान खरीदी के बाद नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के साथ मिलिंग का काम लंबित है। इसे प्राथमिकता से पूरा कराया जा रहा है और उम्मीद है कि इसी सप्ताह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। मिलिंग पूरी होने के बाद धान खरीदी से जुड़ी वास्तविक देनदारी और वित्तीय स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इससे लंबे समय से लंबित हिसाब-किताब का भी खुलासा होगा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी व्यास ने बताया कि जिला सहकारी बैंक की सेवाओं का दायरा बढ़ाने की तैयारी है। अब बैंक केवल किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आम लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पर्सनल लोन, वाहन ऋण और मकान निर्माण के लिए भी ऋण उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बैंक की सभी शाखाओं के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक ऋण सुविधाएं पहुंचाई जाएंगी। इसका उद्देश्य सहकारी बैंक को आम लोगों की जरूरतों से जोड़ना और वित्तीय सेवाओं का विस्तार करना है।




