अवैध पत्थर उत्खनन के विरोध पर आदिवासियों ने लगाए धमकी और मारपीट के आरोप जूड़ा मडैयन पिपरहा में ब्लास्टिंग से जान-माल का खतरा

पन्ना। पवई ब्लॉक के ग्राम जूड़ा मडैयन पिपरहा में कथित अवैध पत्थर उत्खनन और ब्लास्टिंग के विरोध को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। प्रभावित आदिवासी ग्रामीणों ने ठेकेदार पक्ष पर धमकी देने, मारपीट करने और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध उत्खनन पर रोक लगाने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में पत्थर उत्खनन और ब्लास्टिंग से उनकी निजी जमीन प्रभावित हो रही है तथा जान-माल का खतरा बना हुआ है। इस संबंध में 22 अक्टूबर 2026 को कलेक्टर पन्ना को आवेदन देकर शिकायत की गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासनिक स्तर पर सुनवाई नहीं होने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर भी शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद 4 नवंबर 2026 को विष्णु वंशकार के पिता के घर पर मारपीट की गई, मोबाइल छीन लिया गया और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया। कुसुम लाल आदिवासी और नंदी आदिवासी को भी शिकायत वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया गया है। मामले को लेकर 13 नवंबर को पिपरहा में क्षेत्रीय ग्रामीणों की पंचायत आयोजित हुई। महिपाल सिंह मरावी के नेतृत्व में हुई इस बैठक में प्रभावित परिवारों ने अपनी समस्याएं रखीं और कथित प्रताड़ना के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। इस दौरान सलेहा थाना प्रभारी ने भी ग्रामीणों की बातें सुनीं। ग्रामीणों के मुताबिक, थाना प्रभारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को बुलाकर समस्या के समाधान और प्रभावित लोगों को न्याय दिलाने की दिशा में प्रयास करने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित अवैध उत्खनन और ब्लास्टिंग पर रोक लगाने तथा धमकी और मारपीट के आरोपों की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।




