बृजपुर कन्या माध्यमिक शाला में शिक्षिका के व्यवहार से बच्चे भयभीत, ट्रांसफार्मर के नीचे बैठकर पढ़ने को मजबूर
मारपीट और अभद्रता के आरोपों से विद्यालय में तनावपूर्ण माहौल

बृजपुर। शिक्षा के मंदिर में जहां बच्चों का भविष्य संवारने के साथ उन्हें सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए, वहीं संकुल एवं जन शिक्षा केंद्र बृजपुर के अंतर्गत संचालित शासकीय कन्या माध्यमिक शाला में अव्यवस्था और भय का माहौल होने की शिकायत सामने आई है। विद्यालय में पदस्थ शिक्षिका रजनी सोनी पर छात्र-छात्राओं और सहकर्मी शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार तथा मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं। स्थिति यह बताई जा रही है कि बच्चे कक्षा के अंदर बैठने के बजाय बाहर विद्युत ट्रांसफार्मर के नीचे बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों और बच्चों के अनुसार, शिक्षिका के व्यवहार को लेकर विद्यालय में डर का माहौल बना हुआ है। बच्चों का कहना है कि कक्षा के अंदर बैठने पर उन्हें मारपीट का डर रहता है, इसलिए वे बाहर बैठना उचित समझते हैं।
यदि बच्चे वास्तव में ट्रांसफार्मर के नीचे बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं तो यह उनकी सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है। विद्युत ट्रांसफार्मर के पास इस तरह बैठना किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकता है। शिकायत सामने आने के बाद जिला शिक्षा केंद्र की डीपीसी किरण कौशिक विद्यालय में जांच के लिए पहुंचीं। उन्होंने कहा कि वे मामले की जांच करने आई हैं। जांच की कार्रवाई पूरी होने के बाद जो भी उचित होगा, वह कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी अजय कुमार गुप्ता से दूरभाष पर मामले में पक्ष जानने का प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी उच्च स्तर पर भेज दी गई है। इधर, क्षेत्र के अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने कलेक्टर से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा से जुड़े इस मामले में शीघ्र निर्णय लिया जाना चाहिए, ताकि विद्यालय में भयमुक्त शैक्षणिक वातावरण बहाल हो सके।




