पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

गुजरात से पन्ना तक सेवा और समर्पण की डोर, पृथ्वी परिक्रमा में 15 हजार लोगों का भंडारा

पन्ना। पन्ना धाम में आयोजित ऐतिहासिक पृथ्वी परिक्रमा में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचने वाले सुंदरसाथ की सेवा के लिए गुजरात के श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर, श्री प्राणनाथ धाम डाकोर की ओर से श्री खेजड़ा मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। 24 नवंबर को सुबह 11 बजे शुरू हुआ भंडारा रात 10 बजे तक लगातार चलता रहा। इस दौरान 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने निःशुल्क भोजन-प्रसाद ग्रहण किया। इस भंडारे की परंपरा लगभग 15 वर्ष पूर्व ब्रह्मलीन तपस्वी श्री 108 श्यामदास जी महाराज द्वारा प्रारंभ की गई थी। उनके बाद उनके शिष्य एवं श्री प्राणनाथ धाम डाकोर, गुजरात के महंत महेंद्र महाराज के सानिध्य में प्रतिवर्ष इस सेवा आयोजन को आगे बढ़ाया जा रहा है। विधिवत पाठ-पूजन के उपरांत श्री खेजड़ा मंदिर के विशाल प्रांगण में भंडारे की शुरुआत होती है। पृथ्वी परिक्रमा कर खेजड़ा मंदिर पहुंचने वाले प्रत्येक सुंदरसाथ के लिए भोजन-प्रसाद की व्यवस्था रहती है। आयोजन का उद्देश्य परिक्रमा में शामिल श्रद्धालुओं (सुंदरसाथ) को भोजन उपलब्ध कराना है, ताकि लंबी धार्मिक यात्रा के दौरान किसी को भोजन के लिए असुविधा न हो। सुबह से लेकर रात तक श्रद्धालुओं के पहुंचने और भोजन प्रसाद ग्रहण करने का सिलसिला जारी रहता है। इस सेवा आयोजन की खास बात यह है कि गुजरात से आने वाले सुंदरसाथ अपने साथ भोजन तैयार करने के लिए पूरी राशन सामग्री और विशाल बर्तन भी लेकर आते हैं। इन बड़े बर्तनों में एक बार में लगभग दो से ढाई हजार लोगों का भोजन तैयार किया जा सकता है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद व्यवस्थित ढंग से भोजन बनाने और वितरण का कार्य चलता रहता है।
गुरुजनों की प्रेरणा से जारी है सेवा कार्य
आयोजन के संबंध में वर्तमान महंत महेंद्र महाराज, ईशु भाई डाकोर तथा राकेश भाई अलीराजपुर (गुजरात) ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन केवल भंडारा नहीं, बल्कि गुरुजनों की प्रेरणा से चली आ रही सेवा, समर्पण और सुंदरसाथ के प्रति आत्मीयता की परंपरा है। ब्रह्मलीन तपस्वी श्री 108 श्यामदास जी महाराज की प्रेरणा एवं आशीर्वाद से उनके परम शिष्य श्री रनीशभाई सोलंकी के परिवार की ओर से भी इस वर्ष भंडारे का आयोजन किया गया। लगभग 15 वर्षों से निरंतर चली आ रही यह सेवा परंपरा पृथ्वी परिक्रमा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सहयोग और आत्मीयता का प्रेरक उदाहरण बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button