पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

राजापुर में बुंदेली संस्कृति का रंग, दिवारी नृत्य की प्रस्तुतियों ने मोहा दर्शकों का मन

कार्तिक पूर्णिमा पर कालका माता मंदिर परिसर में जुटे श्रद्धालु

विधायक ने टीन शेड लगवाने की घोषणा की

अजयगढ़। ग्राम राजापुर भवानीपुर स्थित प्राचीन कालका माता मंदिर परिसर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पारंपरिक दिवारी नृत्य का भव्य आयोजन किया गया। मंदिर समिति के पांडा जमुना प्रसाद यादव के आयोजन में दूर-दराज से आईं दिवारी नृत्य टोलियों ने अपनी कला और हुनर का प्रदर्शन कर बुंदेली संस्कृति की छटा बिखेरी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीण और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। आयोजन की शुरुआत सुबह कालका माता की पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुई। इसके बाद मंदिर परिसर में दिवारी नृत्य कार्यक्रम शुरू हुआ। इस दौरान कलाकार बुंदेली परंपरागत वेशभूषा में रंग-बिरंगे परिधान और मोरपंख सजाकर पहुंचे। अलग-अलग टोलियों ने लाठी चलाने, गुलाटी लगाने और विभिन्न पारंपरिक करतबों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने उत्साहपूर्वक तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष सीता सरोज गुप्ता, रवि रावत और संतोष यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कालका माता मंदिर की सीढ़ियों पर श्रद्धालुओं के आवागमन की सुविधा के लिए टीन शेड लगवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि दिवारी नृत्य बुंदेली क्षेत्र की पुरानी सांस्कृतिक परंपरा है। ऐसे आयोजन स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं और हमारी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इस परंपरा को जीवित रखने के लिए आयोजकों की सराहना की और उपस्थित लोगों को शुभकामनाएं दीं। कार्तिक पूर्णिमा पर यहां सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो जाता है। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद दिवारी नृत्य, मेले और विशाल भंडारे का आयोजन होता है। श्रद्धालुओं को भंडारे में प्रसाद वितरित किया गया। बताया जाता है कि कालका माता का यह मंदिर राजा साहब के समय का है और यहां दिवारी नृत्य की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button