दहलान चैकी में शराब दुकान के खिलाफ महिलाओं का मोर्चा, सड़क पर उतरकर किया प्रदर्शन
ग्रामीणों ने गांव में शराब की बिक्री बंद करने की उठाई मांग

पन्ना। गांव में शराब की बिक्री के विरोध में दहलान चैकी के ग्रामीणों और महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। शराब दुकान के संचालन से नाराज महिलाओं और ग्रामीणों ने एकत्र होकर सड़क पर प्रदर्शन किया और गांव में किसी भी हाल में शराब की बिक्री नहीं होने देने की मांग उठाई। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि शराब के कारण कई परिवारों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति प्रभावित हो रही है। घरों में विवाद बढ़ रहे हैं और परिवारों का भविष्य खराब हो रहा है। ऐसे में गांव में शराब दुकान खुलने से ग्रामीणों की चिंताएं और बढ़ गई हैं। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कहा कि वे अपने गांव में शराब की बिक्री किसी भी कीमत पर नहीं चाहतीं। उनका कहना है कि मेहनत-मजदूरी से कमाई गई राशि का बड़ा हिस्सा शराब पर खर्च होने से परिवारों की जरूरतें प्रभावित होती हैं। शराब की लत के चलते घरों में अशांति और विवाद की स्थिति बनती है, जिसका खामियाजा महिलाओं और बच्चों को भुगतना पड़ता है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब शराब से परिवारों को नुकसान हो रहा है, तो गांव के आसपास शराब दुकान खोलने की जरूरत ही क्या है। ग्रामीणों और महिलाओं का कहना है कि शराब की बिक्री केवल एक दुकान खुलने का मामला नहीं है, बल्कि इससे गांव के सामाजिक वातावरण और परिवारों की खुशहाली का सवाल जुड़ा हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि स्थानीय लोगों की भावनाओं और आपत्तियों को गंभीरता से लेते हुए दहलान चैकी में शराब दुकान बंद कराने की दिशा में कार्रवाई की जाए।



