धर्मपन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

पन्ना में गूंजती रही ढोलक की थाप, मोरपंख लेकर थिरके मोनिया

बुंदेलखंड की सदियों पुरानी दीवारी नृत्य परंपरा ने बांधा समां

बुंदेलखंड की सदियों पुरानी दीवारी नृत्य परंपरा ने बांधा समां
पन्ना सहित आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में पहुंचे ग्वाले

पन्ना। दीपावली के अगले दिन पन्ना की गलियां और प्रमुख मार्ग बुंदेलखंड की पारंपरिक लोकसंस्कृति के रंग में रंगे नजर आए। मंदिरों की पवित्र नगरी पन्ना में प्राचीन दीवारी नृत्य की धूम रही। ढोलक की थाप, घुंघरुओं की झंकार, लाठियों की चटकार और मोरपंखों की आकर्षक छटा के बीच मोनियों की टोलियों ने अपने अनूठे नृत्य से लोगों का मन मोह लिया। सुबह से ही गांवों और शहर के अलग-अलग इलाकों से दीवारी खेलने वाली टोलियां निकल पड़ीं। पन्ना जिले के अलावा आसपास के अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में मोनिया दीवारी नृत्य करने पहुंचे। बुंदेलखंड की पहचान माने जाने वाले दीवारी नृत्य की परंपरा वर्षों पुरानी है। यह केवल मनोरंजन या लोकनृत्य नहीं, बल्कि आस्था, धार्मिक मान्यता और सामाजिक परंपराओं से जुड़ा आयोजन है। दीपावली के अवसर पर इस नृत्य को खेलने और देखने का विशेष महत्व माना जाता है। यही वजह है कि हर वर्ष दीपावली के अगले दिन पन्ना में दीवारी की टोलियां आकर्षण का केंद्र बनती हैं। परंपरा के अनुसार दीपावली के दिन मिट्टी से बनी ग्वालिन यानी महिला स्वरूप की प्रतिमा का पूजन किया जाता है। गाय चराने वाले ग्वाल अर्थात यादव समाज के लोग दीपावली के दूसरे दिन सुबह गाय और बछिया की पूजा करते हैं। इसके बाद मौन व्रत धारण कर दीवारी खेलने निकलते हैं। मान्यता है कि मोनिया पूरे दिन अन्न-जल ग्रहण नहीं करते और मौन रहकर अपनी परंपरा का निर्वहन करते हैं। सुबह से शुरू होने वाला यह आयोजन देर रात तक चलता है। दीवारी नृत्य में शामिल किशोर और पुरुष पारंपरिक वेशभूषा धारण करते हैं। उनके हाथों में मोरपंखों के गुच्छे होते हैं। ढोलक की थाप पर वे गोल घेरा बनाकर लयबद्ध तरीके से नृत्य करते हैं। नृत्य के दौरान शरीर की फुर्ती, कदमों की तालमेल और मोरपंखों की आकर्षक गतिविधियां दर्शकों को रोमांचित करती हैं। कई टोलियां लाठी के करतब और हैरतअंगेज प्रस्तुतियों से भी लोगों का ध्यान खींचती हैं। मौन रहकर नृत्य करने वाले इन किशोरों और युवाओं को मौनिया या मौनी बाबा भी कहा जाता है।
आस्था और लोकसंस्कृति का संगम है दीवारी
जानकारों के अनुसार दीपावली पर दीवारी नृत्य खेलने और देखने को शुभ माना जाता है। इस परंपरा के माध्यम से बुंदेलखंड की लोकसंस्कृति, धार्मिक आस्था और सामुदायिक एकजुटता की झलक देखने को मिलती है। पन्ना में इस दिन घरों और मोहल्लों के लोग मोनियों की टोलियों का स्वागत करते हैं और उनके नृत्य का आनंद लेते हैं। दीवारी नृत्य में शामिल श्रीदेव सिंह यादव (मोनिया) ने इस परंपरा के महत्व और इसके निर्वहन से जुड़ी मान्यताओं को बताया। वहीं जानकार योगेंद्र अवस्थी ने बुंदेलखंड की इस लोकपरंपरा की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि दीवारी नृत्य पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक विरासत है।

दीपावली के अगले दिन पन्ना में उमड़ने वाली मोनियों की टोलियां इस बात का प्रमाण हैं कि आधुनिकता के दौर में भी बुंदेलखंड की लोकपरंपराएं लोगों के जीवन में अपना विशेष स्थान बनाए हुए हैं। ढोलक की थाप पर थिरकते मोनिया, हाथों में लहराते मोरपंख और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने एक बार फिर पन्ना को बुंदेली संस्कृति के रंगों से सराबोर कर दिया। दीवारी नृत्य के जरिए नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर भी मिला।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button