कलेक्टर ने की जघन्य एवं सनसनीखेज अपराधों की समीक्षा

पन्ना। कलेक्टर हर्ष सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ के साथ जिले के विभिन्न थाना अंतर्गत जघन्य एवं सनसनीखेज अपराधों की समीक्षा कर लंबित मामलों में त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। अपराधों की समीक्षा के दौरान पुराने दर्ज प्रत्येक क्राइम के रिव्यू के संबंध में निर्देशित करते हुए दोषमुक्त प्ररकणों की जानकारी ली तथा लंबित प्रकरणों में त्वरित समाधान के उद्देश्य से नोडल अधिकारी की उपस्थिति सुनिश्चित कराने सहित निराकरण के मामलों में समन्वय के साथ अवरोध दूर कराने के लिए कहा। बैठक में समन तामीली और आर्म्स एक्ट संबंधी अपराध के संबंध में चर्चा कर जल्द गवाही कराने के लिए निर्देशित किया गया। आगामी बैठक में गवाह संबंधी जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। बैठक में चिन्हित प्रकरणों की सतत पैरवी कराने व साक्षियों को सुरक्षा प्रदान कराने के लिए भी निर्देशित किया गया। साथ ही पुलिस विवेचना में लंबित मामलों की समीक्षा भी की गई। इस अवसर पर सहायक निदेशक अभियोजन प्रवीण कुमार सिंह सहित शासकीय अधिवक्ता उपस्थित रहे।




