पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

घायल बाघ पी-243 का सफल ऑपरेशन, दोनों आंखों के बीच था गहरा घाव

पन्ना टाइगर रिजर्व की टीम ने किया ट्रैंक्युलाइजेशन और सर्जरी

पन्ना। पन्ना टाइगर रिजर्व के अमानगंज बफर क्षेत्र में विस्थापित ग्राम गहदरा के पास घायल अवस्था में मिले करीब 11 वर्षीय नर बाघ पी-243 का वन विभाग की टीम ने सफलतापूर्वक ट्रैंक्युलाइजेशन कर सर्जरी की। बाघ की दोनों आंखों के बीच गहरा घाव था। उपचार के बाद उसे आगे की देखभाल और सतत निगरानी के लिए बड़ौर वन्यप्राणी चिकित्सालय में रखा गया है। पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन के अनुसार, 14 नवंबर को बाघ पी-243 घायल अवस्था में मिला था। जांच के दौरान दोनों आंखों के बीच गहरा घाव पाया गया। घाव की स्थिति और गहराई को देखते हुए उसके प्राकृतिक रूप से ठीक होने की संभावना कम थी। समय पर उपचार नहीं मिलने पर संक्रमण फैलने के साथ बाघ की दृष्टि और शिकार करने की क्षमता प्रभावित होने का खतरा था। इसे देखते हुए तत्काल चिकित्सकीय हस्तक्षेप का निर्णय लिया गया। निर्धारित वन्यप्राणी चिकित्सा प्रोटोकॉल के तहत सुबह करीब 10 बजे बाघ को सुरक्षित रूप से ट्रैंक्युलाइज किया गया। इसके बाद घाव की सूक्ष्म सर्जरी कर आवश्यक उपचार किया गया। बाघ का उपचार पन्ना टाइगर रिजर्व के वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार गुप्ता द्वारा किया जा रहा है। चिकित्सकीय दल उसके स्वास्थ्य, घाव भरने की स्थिति और व्यवहार पर लगातार नजर रखे हुए है। बाघ पी-243, पन्ना टाइगर रिजर्व की संस्थापक बाघिनों में शामिल टी-2 के चैथे लिटर की तीसरी संतान है। बाघिन टी-2 को वर्ष 2009 में कान्हा टाइगर रिजर्व से पन्ना लाया गया था। उसकी संतानों ने पन्ना में बाघों की आबादी को दोबारा स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस अभियान में सहायक संचालक पन्ना, परिक्षेत्र अधिकारी गंगऊ एवं हिनौता सहित मैदानी अमले की सराहनीय भूमिका रही। वन विभाग ने ग्रामीणों और नागरिकों से अपील की है कि किसी वन्यप्राणी को घायल, बीमार या असामान्य अवस्था में देखने पर उसके पास न जाएं और तत्काल निकटतम वन कार्यालय अथवा वन अमले को सूचना दें, ताकि समय पर उपचार किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button