हर्षोल्लास के साथ मनाया गया मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस समारोह
टाउन हॉल पन्ना में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम

पन्ना विधायक एवं मुख्य अतिथि ने किया ध्वजारोहण
पन्ना। मध्यप्रदेश देश का हृदय स्थल होने के साथ ही शांति का टापू भी है। राज्य की संस्कृति, परम्परा एवं विरासत को सहेज कर रखना सभी नागरिकों का कर्त्तव्य है। यह प्रदेश चंद्रशेखर आजाद, महारानी लक्ष्मीबाई, रानी दुर्गावती और देवी अहिल्याबाई जैसे वीर क्रांतिकारियों की भूमि भी रहा है। महाराजा छत्रसाल ने भी बुंदेलखंड की रक्षा के लिए अपना शौर्य और पराक्रम दिखाया। साहित्य व कला के क्षेत्र में भी कई विभूतियों ने देश-विदेश में प्रदेश का नाम रोशन किया है। यह बात पन्ना विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने रविवार को स्थानीय टाउन हॉल में आयोजित मध्यप्रदेश के 71वें जिला स्तरीय समारोह के अवसर पर कहीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान मध्यप्रदेश विकास की दृष्टि से निरंतर आगे बढ़ रहा है। कृषि विकास दर बढ़ने के साथ ही स्वच्छता के क्षेत्र में भी मध्यप्रदेश देश के अग्रिम राज्यों में शामिल है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं पन्ना विधायक द्वारा ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम स्थल पर आयोजित विभागवार प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इसके अलावा पोषण प्रदर्शनी एवं स्थानीय उत्पादों के व्यंजन स्टॉल का भी जायजा लिया। पन्ना विधायक ने अपने उद्बोधन में कहा कि मंदिरों एवं हीरा नगरी के रूप में विख्यात पन्ना की नेशनल पार्क के कारण अलग पहचान स्थापित हुई है। प्राकृतिक संपदा से भरपूर पन्ना में निरंतर रूप से वृहद स्तर पर विकास कार्य भी संचालित हैं। इसके अलावा पन्ना शिक्षा हब के रूप में भी निरंतर विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा है कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी हैं। उन्होंने बच्चों से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग एवं जागरूक रहकर इंटरनेट के सदुपयोग का आह्वान करते हुए महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में संचालित योजनाओं और गतिविधियों का जिक्र किया। कलेक्टर हर्ष सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश का इतिहास, साहित्य और कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान है। यह प्रदेश कई घटनाओं का भौगोलिक केन्द्र रहा और निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। कृषि उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों को पीछे छोड़ने के साथ ही राज्य प्रत्येक क्षेत्र में तरक्की की ओर अग्रसर है। नागरिकों के जीवन स्तर में भी बदलाव आया है। कलेक्टर ने कहा कि प्रदेश के स्थापना दिवस पर प्रगति का आकलन भी जरूरी है। भविष्य में निश्चित रूप से मध्यप्रदेश अग्रणी राज्यों में शामिल होगा। जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे ने कहा कि कई योजनाओं के जरिए आम जनता के जीवन में बदलाव के साथ मध्यप्रदेश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नशामुक्ति की गतिविधियों के प्रोत्साहन और अवैध शराब की बिक्री पर प्रतिबंध की बात कही। नपाध्यक्ष मीना पाण्डेय ने कहा कि प्रत्येक नागरिक विकसित मध्यप्रदेश बनाने के योगदान का संकल्प लें। हमारी युवाशक्ति इसके लिए बड़ी ताकत है। यह प्रदेश संस्कृति और परम्परा का अनूठा संगम है।

किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के विजेताओं को प्रमाण पत्र वितरित
शासन के निर्देशानुसार म.प्र. स्थापना दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला स्तर पर किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कृषकों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए, जिसके तहत नरेन्द्रपुरा अमानगंज निवासी श्रीकृष्ण पटेल को ट्रैक्टर के लिए 7 लाख 26 हजार रूपए, बराहो पवई निवासी राजपाल लोधी को बुलेट के लिए एक लाख 68 हजार रूपए और हरीरा गुनौर निवासी सुखेन्द्र पटेल को ई-स्कूटी के लिए एक लाख 20 हजार रूपए राशि का प्रमाण पत्र सौंपा गया। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना अंतर्गत भी स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने लोकतंत्र सेनानी अवध चैबे का सम्मान भी किया। सूर्यभान सिंह परमार द्वारा पंचायती राज विषय पर लिखित पुस्तक का विमोचन भी हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत शासकीय पीएम श्री कॉलेज सहित अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। खेल विभाग के सहयोग से छात्र-छात्राओं द्वारा मलखंब का प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम में वनमण्डलाधिकारी उत्तर धीरेन्द्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी, अपर कलेक्टर मधुवंतराव धुर्वे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चैहान, एसडीएम संजय कुमार नागवंशी, उप संचालक कृषि ओ.पी. तिवारी, कमल लालवानी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संजय सिंह परिहार द्वारा किया गया।


