न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह प्रधान जिला न्यायाधीश ने मैराथन दौड़ का किया

पन्ना। म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शरत चन्द्र सक्सेना की अध्यक्षता एवं समस्त न्यायाधीशगण की उपस्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पन्ना में आज मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। दौड़ का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश द्वारा हरी झण्डी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर जिला न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के सचिव अवधेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा मैराथन में सम्मिलित समस्त प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्साह एवं सहभागिता की सराहना की गई। उन्होंने प्रतिभागियों से आव्हान किया कि वे इस प्रकार ऊर्जावान एवं सकारात्मक भावना के साथ अपने अपने कार्य क्षेत्रों में भी सक्रिय रहकर समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा विधिक जागरूकता के संदेश को अधिकाधिक लोंगों तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने सभी को न्यायोत्सव-विधिक सेवा सप्ताह की शुभकामनाएं भी दीं। मैराथन दौड़ का प्रारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय पन्ना से हुआ, जो प्राणनाथ चैक होते हुए गांधी चैक तक पहुंची। इसी मार्ग से वापस जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में संपन्न हुई। मैराथन दौड़ का मुख्य उद्देश्य आमजन को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं एवं न्याय तक सुलभ पहुंच के प्रति जागरूक करना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक विधिक जागरूकता का संदेश पहुंचाना रहा। मैराथन दौड़ के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि न्याय की स्थापना एवं विधिक जागरूकता के प्रचार-प्रसार में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है। मैराथन दौड़ में पुरूष एवं महिला वर्ग के प्रतिभागियों के मध्य प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह एवं खेल भावना के साथ भाग लिया। मैराथन दौड़ में पुरूष वर्ग में प्रथम स्थान अभिलाष सिंह ठाकुर, द्वितीय स्थान अमर सिंह कुशवाहा व तृतीय स्थान अशोक कुमार जाटव एवं महिला वर्ग में प्रथम स्थान आराधना अहिरवार, द्वितीय स्थान खुशबू अहिरवार एवं तृतीय स्थान प्रियंका कुशवाहा ने प्राप्त किया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को विजेता ट्रॉफी, मेडल, व प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। मैराथन रैली उपरांत समस्त प्रतिभागियों को स्वल्पाहार, नारियल पानी वितरित कराए गए। कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश, कुटुम्ब न्यायालय पन्ना रूपेश शर्मा, विशेष न्यायाधीश प्रदीप कुशवाह, जिला न्यायाधीशद्वय सुरेन्द्र मेश्राम एवं अरविन्द शर्मा, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजकुमार गौड़, भूपेन्द्र सिंह, प्रशिक्षु न्यायाधीश रोहित जैन, जिला विधिक सहायता अधिकारी अतुल सेन, जेल अधीक्षक पन्ना गणेश सिंह व जेल स्टॉफ, लीगल एड डिफेंस काउंसिल टीम के चीफ आनंद त्रिपाठी, डिप्टी चीफ करन सिंह, पवन पाण्डेय, असिस्टेंट विजयलक्ष्मी, रोहित नायक व शशांक चतुर्वेदी एवं पैरालीगल वॉलेण्टियर्स भी शामिल हुए। राजकुमार सेन सहित शर्मिला विश्वास, देवीदीन अहिरवार, प्रशांत कुशवाहा, लोकेन्द्र सिंह, सलमान खान, जयप्रकाश लटोरिया का भी विशेष योगदान एवं सहभागिता रही।



