पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

गुम मोबाइल बरामदगी में पन्ना पुलिस प्रदेश में लगातार अव्वल

एक साल में 1,940 मोबाइल फोन बरामद, दूरसंचार विभाग ने एसपी सव्यसाची सराफ को किया सम्मानित

पन्ना। गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के मामले में पन्ना पुलिस ने प्रदेश स्तर पर अपनी उपलब्धि दर्ज कराई है। सीईआईआर पोर्टल पर मोबाइल रिकवरी प्रतिशत में लगातार प्रथम स्थान बनाए रखने पर दूरसंचार विभाग मध्य प्रदेश के अतिरिक्त महानिदेशक (टेलीकॉम) आशीष पाठक ने पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ को प्रशंसा पत्र एवं रिकग्निशन शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान 4 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिया गया। पन्ना पुलिस के अनुसार, पिछले एक वर्ष में सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से जिले में गुम एवं चोरी हुए कुल 1,940 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 91 लाख रुपये है। पुलिस ने लगभग 92 प्रतिशत रिकवरी दर के साथ यह उपलब्धि हासिल की है। बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे गए हैं। इस सफलता का श्रेय पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में साइबर सेल और जिले के सभी थानों द्वारा किए गए समन्वित प्रयासों को दिया गया है। कार्यक्रम में सीईआईआर पोर्टल पर उत्कृष्ट कार्य करने के लिए साइबर सेल पन्ना की टीम के साथ थाना कोतवाली के आरक्षक अभिषेक यादव और थाना अमानगंज के आरक्षक अरुण तिवारी को भी उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ ने पुलिसकर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तत्परता और जिम्मेदारी से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर पुलिस कॉन्फ्रेंस हॉल में दूरसंचार विभाग भोपाल और सीईआईआर पोर्टल के नोडल अधिकारियों के सहयोग से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला भी आयोजित की गई। इसमें दूरसंचार विभाग के गोपाल कुर्मी, आईटीएस 2013, डायरेक्टर (डिजिटल इंटेलिजेंस) और राहुल जैन, आईटीएस 2019, एडीजी (डिजिटल इंटेलिजेंस) ने सीईआईआर एवं संचार साथी पोर्टल की कार्यप्रणाली, ई-सिम तकनीक, एफआईआर अलर्ट सिस्टम और साइबर सुरक्षा से जुड़े नए फीचर्स की जानकारी दी। कार्यशाला में थाना स्तर पर पोर्टल के उपयोग में आने वाली तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान बताए गए। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह चैहान, रक्षित निरीक्षक आदित्य मिश्रा, साइबर सेल की टीम तथा जिले के विभिन्न थानों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर संबंधित थाने में सूचना देने के साथ सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइल ब्लॉक कराने की प्रक्रिया अपनाएं, ताकि उसकी बरामदगी के प्रयास किए जा सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button