टोल की वसूली जारी, सड़क की बदहाली पर जिम्मेदारों की मौन
पन्ना-अजयगढ़ मार्ग बना हादसों का रास्ता

गहरे गड्ढे और टूटी सुरक्षा दीवारें, घाटी से गुजरना किसी खतरे से कम नहीं
पन्ना। पन्ना-अजयगढ़ मार्ग पर टोल टैक्स देने में कोई रियायत नहीं, लेकिन सड़क की बदहाली दूर करने में जिम्मेदारों की ओर से कोई तेजी दिखाई नहीं दे रही। हालात ऐसे हैं कि वाहन चालक टोल प्लाजा पर निर्धारित शुल्क चुकाने के बाद भी गड्ढों भरी सड़क पर जोखिम उठाकर सफर करने को मजबूर हैं। जगह-जगह उखड़ी सड़क, घाटी में गहरे गड्ढे और क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारें इस मार्ग की पहचान बनती जा रही हैं। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर टोल वसूली के बदले वाहन चालकों को सुरक्षित सफर की सुविधा कब मिलेगी। पन्ना से अजयगढ़ तक इस मार्ग पर दिनभर छोटे-बड़े वाहनों के साथ भारी व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। एमपीआरडीसी के सिंहपुर टोल प्लाजा पर व्यावसायिक वाहनों से नियमित रूप से टोल टैक्स वसूला जा रहा है। यानी विभाग की वसूली व्यवस्था पूरी तरह चालू है, लेकिन सड़क की हालत देखकर रखरखाव के दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वाहन चालक शुल्क तो पूरा दे रहे हैं, मगर बदले में उन्हें गड्ढों और टूटी सड़क के बीच से अपना रास्ता तलाशना पड़ रहा है। सबसे चिंताजनक स्थिति मार्ग के घाटी वाले हिस्से की है। यहां कई स्थानों पर सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़क किनारे बनी सुरक्षा दीवारें भी जगह-जगह टूट गई हैं। ऐसे में जरा-सी चूक वाहन को दुर्घटना की चपेट में ला सकती है। खासकर रात के समय और भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान खतरा और बढ़ जाता है। सड़क की खराब हालत के कारण वाहनों की रफ्तार प्रभावित होती है और कई बार जाम जैसी स्थिति भी बन जाती है। सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेगा।

टोल देने वाले पूछ रहे सवाल, सुविधा की जिम्मेदारी किसकी
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि जब टोल वसूली नियमित रूप से हो रही है तो सड़क का रखरखाव भी उसी गंभीरता से होना चाहिए। आखिर वाहन चालक टोल किस सुविधा के लिए दे रहे हैं, यदि उन्हें सुरक्षित और सुगम सड़क ही नहीं मिल पा रही। लोगों ने एमपीआरडीसी से तत्काल पूरे मार्ग का निरीक्षण कराने, गड्ढों की मरम्मत करने और घाटी में क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों को दुरुस्त कराने की मांग की है। अब देखना यह है कि विभाग वाहन चालकों की परेशानी सुनकर कार्रवाई करता है या पन्ना-अजयगढ़ मार्ग की बदहाली यूं ही जारी रहती है। आलम यह है कि इस सड़क पर दो-दो स्थानों पर टोल वसूली हो रही है और सड़क बदहाल है।



