इटवा मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस, आधा दर्जन यात्री घायल
एक ही परिवार के तीन लोग जख्मी, सीट के नीचे दबी बेटी

पन्ना। पन्ना में तेज रफ्तार के चलते एक यात्री बस सड़क किनारे पलट गई। हादसा पन्ना से दमोह की ओर जा रही हजारी बस सर्विस की बस क्रमांक एमपी-34 पी-0193 के साथ इटवा मोड़ के पास हुआ। अचानक अनियंत्रित होकर पलटी बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में करीब आधा दर्जन यात्रियों के घायल होने की जानकारी है। घायलों में पन्ना से अमानगंज जा रहे एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं। घायल प्रेम बाई ने बताया कि बस तेज रफ्तार में चल रही थी और अचानक पलट गई। हादसे के बाद यात्री बाहर निकलने लगे, लेकिन उनकी 17 वर्षीय बेटी रागिनी अहिरवार सीट के नीचे दब गई। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया। रागिनी के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि उसके पिता 48 वर्षीय नंदलाल अहिरवार के पैर और मां 40 वर्षीय प्रेम बाई के हाथ में चोट लगी है। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को जिला चिकित्सालय पन्ना पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। फिलहाल बस पलटने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं।





