करियरपन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

प्रत्येक बच्चे को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना ही विद्यादान संस्थान का लक्ष्य- बखत सिंह

निःशुल्क कोचिंग के एक वर्ष पूरे होने पर खंदिया मंदिर में समारोह

अजयगढ़। आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराने की पहल विद्यादान संस्थान ने सफलतापूर्वक एक वर्ष पूरा कर लिया है। इस अवसर पर अजयगढ़ के खंदिया हनुमान मंदिर परिसर में समारोह आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और नगर के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर परिषद अध्यक्ष सीता सरोज गुप्ता रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, मां सरस्वती और डॉ. राधाकृष्णन के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। संस्थान के मार्गदर्शक एवं अजयगढ़ के पूर्व थाना प्रभारी बखत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षित कर आत्मनिर्भर बनाना ही विद्यादान संस्थान का एकमात्र लक्ष्य है। शिक्षा समाज में सकारात्मक बदलाव का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद विद्यार्थियों को बेहतर अवसर देने के उद्देश्य से संस्थान की शुरुआत की गई थी। सबसे पहले बृजपुर में विद्यादान पुस्तकालय प्रारंभ किया गया, जो आज भी संचालित है। बखत सिंह के अनुसार, संस्थान अब तक अजयगढ़ क्षेत्र के दो सौ से अधिक विद्यार्थियों को निःशुल्क पुस्तकें वितरित कर चुका है।

वर्तमान में विद्यादान निःशुल्क कोचिंग के माध्यम से करीब 300 विद्यार्थियों को पांच शिक्षकों के मार्गदर्शन में पढ़ाया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि केवल नौकरी पाने तक सीमित न रहें, बल्कि उद्योग और स्वरोजगार के अवसरों पर भी विचार करें। सबसे पहले अच्छा इंसान बनने, अपने संस्कार और काबिलियत मजबूत करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि वे सम्मान की अपेक्षा नहीं रखते, लेकिन विद्यार्थियों को किसी समस्या में मदद की जरूरत होगी तो वे हमेशा आगे खड़े मिलेंगे। मुख्य अतिथि सीता सरोज गुप्ता ने संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा और भविष्य संवारने का अवसर देना पुनीत कार्य है। उन्होंने इस पहल से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी। समारोह में संस्थान की पहली वर्षगांठ पर केक काटकर खुशी मनाई गई। इस अवसर पर अखिलेश श्रीवास्तव, मंडला थाना प्रभारी बखत सिंह, भुवन राजा, अर्जुन सिंह चंदेल, डॉ. रामभगत विश्वकर्मा, ब्रजेन्द्र तिवारी, परशुराम पटेल, उमेश अवस्थी, रज्जन बाबू पीढ़ीहा, पीयूष शुक्ला, भवानीदीन पाठक, सुशील सोनी, संजय विश्वकर्मा, रवि कुशवाहा, आकृति जैन, गर्जन सिंह और विजय बोहत सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button