पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

पन्ना की नैनाज किचन ने दिल्ली में लहराया परचम

इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में मिला बेस्ट डिस्प्ले अवॉर्ड

पन्ना। बुंदेलखंड के पन्ना जिले से संचालित नैनाज किचन प्राइवेट लिमिटेड ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (आईआईटीएफ) 2026 में कंपनी को बेस्ट डिस्प्ले अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि से पन्ना सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। मध्य प्रदेश पवेलियन में नैनाज किचन द्वारा प्रदर्शित उत्पादों और उनकी आकर्षक प्रस्तुति का निर्णायक मंडल ने मूल्यांकन किया। इसमें कंपनी के प्रदर्शन को सराहते हुए बेस्ट डिस्प्ले अवॉर्ड के लिए चुना गया। पन्ना जैसे छोटे शहर से शुरू हुए उद्यम को देश के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में यह सम्मान मिलना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। नैनाज किचन प्राइवेट लिमिटेड पारंपरिक भारतीय खाद्य विरासत, प्राकृतिक सामग्री और शुद्धता पर आधारित खाद्य उत्पादों के निर्माण एवं प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में कार्य कर रही है। कंपनी का उद्देश्य स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक खाद्य ज्ञान को आधुनिक बाजार से जोड़ना तथा भारतीय खाद्य संस्कृति को नई पहचान दिलाना है। कंपनी के संस्थापक एवं सीईओ राजकमल शर्मा ने इस सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मध्य प्रदेश शासन, एमपी लघु उद्योग निगम, एमएसएमई विभाग, आयोजन से जुड़े अधिकारियों और अपनी पूरी टीम के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल नैनाज किचन की उपलब्धि नहीं, बल्कि पन्ना जैसे छोटे शहरों से आगे बढ़ रहे उद्यमियों की क्षमता, मेहनत और संभावनाओं का प्रतीक है। बुंदेलखंड के पन्ना जैसे जिले से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक मंच पर पहचान बनाना क्षेत्र के युवाओं और नए उद्यमियों के लिए प्रेरणादायक है। यह उपलब्धि बताती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद स्थानीय प्रतिभा, मेहनत और बेहतर प्रस्तुति के दम पर छोटे शहरों के उद्यम भी बड़े मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं। नैनाज किचन को मिले इस सम्मान को पन्ना की उद्यमशीलता और स्थानीय प्रतिभा की राष्ट्रीय मंच पर मिली पहचान के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button