विकास कार्यों के साथ जन समस्याओं का निराकरण सरकार की प्राथमिकता- विधायक
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत ग्राम रनवाहा देवरी में लगा शिविर

पन्ना। गुनौर विधायक डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने कहा है कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में गांव गांव शिविरों के जरिए लोगों की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। विकास कार्यों के साथ जन समस्याओं का निराकरण सरकार की पहली प्राथमिकता है। अभियान में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा भ्रमण कर समस्याओं का निराकरण भी किया जा रहा है। शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित तरीके से पहुंचाने की मंशा से लोगो को लाभान्वित करना इसका मुख्य उद्देश्य है। विधायक डॉ. वर्मा शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत पन्ना विकासखंड की ग्राम रनवाहा देवरी में आयोजित शिविर में शामिल हुए। उन्होंने शिविर के माध्यम से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील भी की।
साथ ही युवाओं से सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर स्वयं का रोजगार स्थापित करने का आह्वान किया। कलेक्टर हर्ष सिंह ने शिविर में विभागीय योजनाओं की जानकारी के लिए लगे स्टॉल का भ्रमण किया। लोगों से संवाद कर एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को समक्ष में शिविर में प्राप्त आवेदन निराकरण के निर्देश भी दिए। जिला कलेक्टर ने शिविर में आए लोगों से हेल्थ चेकअप करवाने एवं योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील भी की। आगामी शिविर में आधार एवं आयुष्मान कैम्प लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने लोगों से स्वामित्व योजना की जानकारी साझा करते हुए रजिस्ट्री में प्रगति संबंधी जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के लाभार्थी युवाओं से संवाद किया। इस मौके पर विभिन्न योजनाओं के हितलाभ भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष संतोष यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।




