देशपन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्कराजनीतीराज्य

पन्ना में 70वीं राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का भव्य समापन

खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने किया उत्साहवर्धन

पन्ना। स्थानीय पॉलिटेक्निक खेल मैदान में आयोजित चार दिवसीय 70वीं राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न संभागों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, फुर्ती, एकाग्रता और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह मुख्य रूप से शामिल हुए और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सिंह ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक प्रयास की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

खिलाड़ी को जीत और हार दोनों परिस्थितियों में खेल भावना बनाए रखनी चाहिए। निरंतर मेहनत और नियमित अभ्यास ही सफलता की असली कुंजी है। विधायक सिंह ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें उचित अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने की है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ एक-दूसरे से सीखने का अवसर देती हैं। उन्होंने खो-खो जैसे पारंपरिक भारतीय खेलों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। समापन समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना पाण्डेय, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती शशि परमार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष कमल लालवानी एवं नगर मंडल अध्यक्ष कैलाश गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। चार दिवसीय आयोजन में विभिन्न संभागों के खिलाड़ियों एवं क्रीड़ा अधिकारियों ने सहभागिता की। अतिथियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए आयोजन से जुड़े अधिकारियों का भी उत्साहवर्धन किया। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता से पन्ना में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ स्थानीय खेल प्रेमियों को प्रदेश की प्रतिभाओं का खेल कौशल देखने का अवसर मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button