पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

51 दिन के संघर्ष के बाद कलेक्टर की पहल पर स्थगित हुआ आंदोलन

बनहरी टपरियन आंदोलन स्थल पहुंचे कलेक्टर

15 दिन में उचित मांगों पर कार्रवाई का दिया भरोसा

पन्ना। विस्थापन, मुआवजे और पुनर्वास के सवालों को लेकर पिछले 51 दिनों से जारी चिता आंदोलन रविवार को महत्वपूर्ण मोड़ पर पहुंच गया। अजयगढ़ क्षेत्र के बनहरी टपरियन गांव स्थित आंदोलन स्थल पर नवागत कलेक्टर हर्ष सिंह प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पहुंचे और धरने पर बैठे ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। कलेक्टर के आश्वासन और चर्चा के बाद आंदोलन के नेतृत्वकर्ता जय किसान संगठन के नेता अमित भटनागर ने आंदोलन को 15 दिनों के लिए स्थगित करने की घोषणा की। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन समाप्त नहीं हुआ है।

निर्धारित अवधि में प्रभावित परिवारों को न्याय नहीं मिला तो संघर्ष दोबारा शुरू किया जाएगा। आंदोलन के 51वें दिन भी प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न तरीकों से अपना विरोध दर्ज कराया। महिलाओं ने चिता सत्याग्रह, किसानों ने फांसी के फंदे, युवाओं ने सूली सत्याग्रह तथा अन्य आंदोलनकारियों ने जल सत्याग्रह और बेड़ी सत्याग्रह के माध्यम से विस्थापन एवं पुनर्वास से जुड़ी समस्याओं को उठाया। आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर स्वयं मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों की शिकायतों को विस्तार से सुना। इस दौरान अपर कलेक्टर मधुवंतराव धुर्वे, जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी, एसडीएम अजयगढ़ आलोक मार्को, एसडीओपी शिवचरण बोहित, थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव, तहसीलदार सुरेंद्र कुमार अहिरवार तथा एसडीओ सिंचाई विभाग हजारी प्रसाद प्रजापति सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर और अमित भटनागर के बीच पहले भी दो-तीन दौर की बातचीत हो चुकी थी। रविवार को हुई चर्चा में मुआवजा वितरण की विसंगतियों, सर्वे, पुनर्वास और प्रभावित परिवारों की शिकायतों पर बात हुई। प्रशासन की ओर से बताया गया कि केन-बेतवा लिंक राष्ट्रीय सिंचाई परियोजना सहित रूँझ एवं मझगाय मध्यम सिंचाई परियोजनाओं के विस्थापित परिवारों को शासन के निर्देशानुसार वर्तमान में अतिरिक्त मुआवजा राशि वितरित करने की प्रक्रिया चल रही है। राजस्व एवं जल संसाधन विभाग की संयुक्त टीम शेष पात्र परिवारों के बैंक खातों का सत्यापन कर रही है और आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए जा रहे हैं। प्रशासन के अनुसार, नवीन बसाहट स्थल पर परियोजना प्रभावित परिवारों के लिए बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। कलेक्टर हर्ष सिंह ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी उचित मांगों पर 15 दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं के निराकरण का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुआवजा वितरण में अनियमितता या अधिकारियों-कर्मचारियों की लापरवाही सामने आने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अपात्र व्यक्तियों को गलत तरीके से मुआवजा दिए जाने की पुष्टि होने पर राशि की वसूली और जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जाएगी। आंदोलनकारियों पर दर्ज आपराधिक प्रकरणों की निष्पक्ष जांच का भरोसा भी दिया गया। जांच में पुलिस या प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी दोषी पाए जाते हैं तो उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।


15 दिन का समय, लेकिन आंदोलन समाप्त नहीं -अमित भटनागर
अमित भटनागर ने कहा कि प्रभावित परिवार वर्षों से जल, जंगल, जमीन, मकान और आजीविका के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। लोगों ने विस्थापन की पीड़ा झेली, मकान टूटते देखे और न्याय की आवाज उठाने पर मुकदमों एवं पुलिस कार्रवाई का सामना किया है। इसलिए केवल आश्वासन के आधार पर आंदोलन समाप्त करने का सवाल नहीं है। उन्होंने कहा कि नए कलेक्टर के स्वयं आंदोलन स्थल पर पहुंचने और समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद प्रशासन को 15 दिन का अवसर दिया गया है। सरकार ने नए कलेक्टर को जिम्मेदारी देकर समाधान की पहल की है, इसलिए वे पुरानी घटनाओं को बातचीत में बाधा नहीं बनने देंगे। प्रशासन कानून के अनुसार ईमानदारी से समस्याओं का निराकरण करे तो जय किसान संगठन और प्रभावित परिवार पूरा सहयोग करेंगे। चर्चा के बाद अमित भटनागर ने मांगों का ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा और धरना स्थगित करने की घोषणा की। इसके बाद ग्रामीणों ने आंदोलन स्थल से अपना सामान भी हटा लिया। जय किसान संगठन की ओर से सौंपे गए दो विस्तृत मांग एवं शिकायत पत्रों में केन-बेतवा लिंक, मझगाय, रूँझ और ललितपुर-सिंगरौली रेलमार्ग परियोजनाओं से प्रभावित किसानों एवं आदिवासी परिवारों की समस्याएं उठाई गई हैं। प्रमुख मांगों में रूँझ और केन-बेतवा परियोजना की कटऑफ डेट वर्ष 2026 निर्धारित करना, प्रभावित परिवारों को आजीविका के लिए तीन एकड़ कृषि भूमि देना, छूटे हुए परिवारों एवं परिसंपत्तियों का निष्पक्ष पुनः सर्वे, पूर्ण मुआवजा और सम्मानजनक पुनर्वास शामिल हैं। आंदोलन से जुड़ा एक प्रमुख मुद्दा महिला आंदोलनकारी दिव्या अहिरवार की गिरफ्तारी का भी है। जय किसान संगठन के अनुसार, वह पिछले 35 दिनों से जेल में बंद हैं। संगठन ने उनके विरुद्ध दर्ज हत्या के प्रयास के मामले को फर्जी बताते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। संगठन ने दिव्या सहित अन्य आंदोलनकारियों पर दर्ज मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button