धर्मपन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

51 पालकियों एवं चांदी के रथ पर निकली श्रीजी की भव्य शोभायात्रा

अभिषेक, हवन एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ आठ दिवसीय श्री सिद्ध चक्र महामंडल विधान का हुआ भव्य समापन

देवेंद्रनगर। नगर के श्री 1008 चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित आठ दिवसीय श्री सिद्ध चक्र महामंडल विधान का मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य समापन हुआ। आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज एवं आचार्य श्री 108 समयसागर जी महाराज के आशीर्वाद तथा आर्यिका 105 अक्षय मति माताजी एवं आर्यिका 105 निर्मदमति माताजी के पावन सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के समापन अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। समापन दिवस पर प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। आर्यिका माताजी के सानिध्य तथा बाल ब्रह्मचारी अंकित भैया (भिलाई), संजीव भैया (कटंगी) एवं विकास भैया के निर्देशन में विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इसके पश्चात विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि और शांति की मंगल कामना के साथ भव्य हवन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कीं। इस अवसर पर आर्यिका माताजी ने अपने मंगल प्रवचनों में श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान की आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि धार्मिक अनुष्ठान केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं होते, बल्कि ये आत्मशुद्धि, संयम, सदाचार और आध्यात्मिक चेतना के मार्ग को प्रशस्त करते हैं। उन्होंने सभी धर्मप्रेमियों को मंगल आशीर्वाद प्रदान किया। धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात नगर में श्रीजी की भव्य एवं आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में 51 पालकियों के साथ चांदी के भव्य रथ पर विराजमान श्रीजी की मनोहारी झांकी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। ढोल-नगाड़ों, भक्ति संगीत और जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा से पूरा नगर धर्ममय हो गया। नगर के प्रमुख मार्गों एवं चैराहों से होते हुए शोभायात्रा पुनः जैन मंदिर पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने उत्साह और भक्तिभाव के साथ सहभागिता की।श्रीजी की प्रतिमाओं का अभिषेक कर वेदिका पर कराया विराजमानशोभायात्रा के मंदिर पहुंचने के बाद पांडाल में विराजमान सभी श्रीजी की प्रतिमाओं का विधि-विधान के साथ अभिषेक किया गया। इसके पश्चात प्रतिमाओं को पुनः मंदिर की वेदिका पर विराजमान कराया गया। इसी के साथ आठ दिवसीय श्री सिद्ध चक्र महामंडल विधान का विधिवत समापन हुआ।

विधान के समापन के पश्चात आर्यिका माताजी की आज्ञानुसार एवं ब्रह्मचारी भैया जी के निर्देशन में आचार्य श्री 108 समयसागर जी महाराज के दर्शन एवं मंगल आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए देवेंद्रनगर से दो बसों के माध्यम से बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं भोपाल के लिए रवाना होंगे। आचार्य श्री के दर्शन को लेकर समाजजनों में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली।समाज की एकजुटता और सहभागिता बनी आयोजन की विशेष उपलब्धिआठ दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में समस्त दिगंबर जैन समाज के श्रावक-श्राविकाओं, युवक-युवतियों, बच्चों एवं बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा। समाज के सभी वर्गों का समर्पण, सहयोग और धर्म के प्रति अटूट आस्था इस आयोजन की विशेष उपलब्धि रही। इस प्रकार 51 पालकियों, चांदी के रथ पर विराजमान श्रीजी की भव्य शोभायात्रा, अभिषेक, हवन एवं मंगल प्रवचनों के साथ श्री सिद्ध चक्र महामंडल विधान का समापन देवेंद्रनगर में धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना की अविस्मरणीय छाप छोड़ गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button